सीधे माथे में गोली मारेंगे...रैपर बादशाह को लॉरेस बिश्नोई गैंग ने दी धमकी, जानिए आखिर क्या है पूरा मामला
लॉरेस बिश्नोई गैंग ने बादशाह को जान से मारने की धमकी दी है। यह धमकी हरियाणवी गाना टटीरी को लेकर दी गई है।

फोटो सोर्स- इंटरनेट, एडिट, npg.news
रैपर बादशाह (आदित्य प्रतिक सिंह सिसोदिया) की मुश्किलें इन दिनों बढ़ती हुई नजर आ रही है। इसके पीछे की वजह उनका नया हरियाणवी गाना टटीरी है, जी हां इस गाने के विरोध में बादशाह के खिलाफ हरियाणा के पंचकुला में एक और जींद में दो FIR दर्ज किया गया है। वहीं अब लॉरेस बिश्नोई गैंग ने बादशाह को जान से मारने की धमकी दी है। धमकी भरा पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
टटीरी गाने का विरोध क्यों हो रहा है ?
बता दें कि 1 मार्च को रैपर बादशाह का नया गाना टटीरी रिलीज हुआ था। इस वीडियो में लड़कियों को स्कूल ड्रेस पहने, स्कूल बैग फेंकते और चलती बस में स्टंट करते हुए दिखाया गया था। वीडियो के सामने आने के बाद बाल अधिकार आयोग को कई शिकायतें मिली, जिसके बाद बादशाह के खिलाफ हरियाणा के पंचकुला में एक और जींद में दो FIR दर्ज किया गया।
बादशाह के साथ निर्देशकों को भी नोटिस जारी
इतना ही नहीं शनिवार को हरियाणा बाल अधिकार आयोग की ओर से आदित्य प्रतिक सिंह सिसोदिया (बादशाह), वीडियो निर्देशक माही संधू और जोबन संधू, प्रोडक्शन हाउस बटुगेदरप्रोलस और सीईओ आलाप गोशर को नोटिस जारी किया है। साथ ही 7 दिनों के अंदर जवाब पेश करने को कहा गया है। हालांकि विवाद के बाद टटीरी गाने को यूट्यूब से हटा दिया गया है।
लॉरेस बिश्नोई गैंग ने बादशाह को दी धमकी
वहीं अब खबर है कि इस गाने के विरोध में लॉरेस बिश्नोई गैंग ने बादशाह को जान से मारने की धमकी दी है। सोशल मीडिया पर धमकी भरा पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लिखा है कि सिंगर बादशाह जो तूने ये हरियाणा की संस्कृति खराब करने की कोशिश की है पहले 2024 में तेरे कल्ब पे तुझे ट्रेलर दिखाया था अबकी बार सीधा तेरे माथे में गोली मारेगे।
मनी एक्सचेंज कार्यालय में फायरिंग की ली जिम्मेदारी
इसी के साथ ही लॉरेस बिश्नोई गैंग ने पानीपत के मॉडल टाउन इलाके में मनी एक्सचेंज कार्यालय में शनिवार को हुई फायरिंग की भी जिम्मेदारी ली है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पोस्ट में लिखा कि जय महाकाल.... जय श्री राम, राम राम सभी भाइयों को, जो आज ये Western Union ( हवाला कारोबारी) Assandh Road Panipat में Garry और Shanky के ऑफिस पे जो फायरिंग हुई है वो मेने RANDEEP MALIK और ANIL PANDIT USA ने करवाई है ये हवाला के जरिए देश का पैसा बाहर बेज कर देश की Economy खराब कर रहा था ये बहुत बड़े लेवल पे हवाला का काम करता है इसको हमने कॉल करके वार्निंग दी थी लेकिन इसको नहीं समझ आई ये तो बस एक TRAILER था Picture अभी बाकी है और जितने भी लोग हवाला का काम करते है टाइम रहते सुधर जाओ नही सबका अंजाम बहुत बुरा होगा।
बादशाह ने मांगी माफी
वहीं टटीरी गाने को लेकर उठ रहे विवाद के बाद बादशाह ने सार्वजनिक रूप से इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि "हेलो दोस्तों, मैं बादशाह. मेरा नया गाना 'टटीरी' रिलीज हुआ है और मैं देख रहा हूं कि उसके एक हिस्से में मेरे लिरिक्स और विजुअल्स की वजह से जो मैसेज गया है, उससे कई लोगों को, खासकर मेरे अपने हरियाणा के लोगों को ठेस पहुंची है. सबसे पहले मैं यह कहना चाहता हूं कि मैं खुद हरियाणा से हूं. मेरी बोली, खान-पान, रहन-सहन, पहचान सब हरियाणा से जुड़ी है. मैं गर्व से कहता हूं कि मैं हरियाणवी हूं." "हिप-हॉप जॉनर में लिरिक्स अक्सर प्रतिद्वंद्वी को नीचा दिखाने के लिए इस्तेमाल होते हैं. ये किसी औरत या बच्चे के लिए कभी नहीं था और न मैं कभी ऐसा करूंगा. मैंने हमेशा हरियाणा के कल्चर और बोली को ऊंचाई पर ले जाने की कोशिश की है, लेकिन अगर किसी को ठेस पहुंची है तो मैं तहे दिल से क्षमा मांगता हूं. मुझे हरियाणा का बेटा समझकर, अपना बेटा समझकर आप माफ करेंगे, ऐसी उम्मीद करता हूं."
