रायपुर में गैंगवार: गांजा तस्करों के गुर्गों के बीच हुई चाकूबाजी, इलाके में दहशत का माहौल
Raipur Crime News: रायपुर में पुरानी रंजिश के चलते गांजा तस्कर रवि साहू और मुकेश बनिया के गुर्गों के बीच मारपीट और चाकूबाजी हुई है। इस घटना में तीन लोग घायल हो गए हैं।

फोटो सोर्स- इंटरनेट, एडिट, npg.news
रायपुर 16 मार्च 2026, छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रविवार रात पुरानी रंजिश के चलते गांजा तस्कर रवि साहू और मुकेश बनिया के गुर्गों के बीच मारपीट और चाकूबाजी हुई है। इस घटना में तीन लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के अंदर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरा मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के गांधीनगर-कालीबाड़ी इलाके का है।
क्या है पूरा मामला ?
पुलिस के मुताबिक, मारपीट और चाकूबाजी की यह वारदात 15 मार्च की रात 9 बजे गांधीनगर स्थित धनराज किराना दुकान के पास हुई। बताया जा रहा है कि अभिषेक सोनी अपने भाई के साथ दुकान के पास बैठा था। इसी दौरान विक्रम बघेल, अभिषेक गुप्ता, अभिषेक बघेल उर्फ जादू, मोहित निहाल और उनके कुछ साथी वहां पहुंचे। इसी दौरान उसके बीच पुरानी रंजीश को लेकर विवाद हो गया।
मारपीट के दौरान हुई चाकूबाजी
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरु हो गई। इसी दौरान चाकूबाजी की वारदात भी हुई। इस घटना में अभिषेक सोनी, उसका साथी समीर बघेल और बीच बचाव करने आई उसकी बहन गुड्डी बघेल घायल हो गए। तीनों की हालत अब सामान्य बताई जा रही है।
आरोपियों पर कौन सी धारा लगी ?
घटना के बाद सिटी कोतवाली थाना में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए और डीसीपी क्राइम के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनीट (ACCU) और सीटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
तस्करों पर पुलिस की कार्रवाई जारी
इसी कड़ी में कालीबाड़ी क्षेत्र अंतर्गत नेहरू नगर और गांधी नगर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले तत्वों के विरुद्ध भी लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पहले भी गांधीनगर क्षेत्र के कुख्यात मादक पदार्थ तस्कर रवि साहू, अनिल जुल्फेकार, संजय जुल्फेकार और उनके अन्य साथियों सहित कुल 06 आरोपियों के खिलाफ मामले में न्यायालय की ओर से 10-10 वर्ष के सश्रम कारावास एवं 01-01 लाख रुपये के अर्थदंड से दंडित किया गया है।
कुख्यात तस्कर के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई
वहीं हाल ही में 26 फरवरी 2026 को कालीबाड़ी क्षेत्र के नेहरू नगर बस्ती के कुख्यात तस्कर मुकेश बानिया और उसके गिरोह के सदस्यों के विरुद्ध भी थाना कोतवाली पुलिस एवं क्राइम यूनिट द्वारा संयुक्त कार्रवाई करते हुए हथियार और मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार कर उन्हें जेल भेजा गया है।
