कैफे में बर्थडे पार्टी के दौरान बवाल: युवतियों को फ्लाइंग किस देकर कही उठा ले जाने की बात, विरोध करने पर भाईयों को पीटा
रायपुर के कैफे में नशे में धुत युवकों ने युवतियों के साथ अश्लील हरकत और कमेंट्स की। इसका विरोध करना युवतियों के भाईयों को महंगा पड़ गया। युवकों ने उनके साथ जमकर मारपीट की।

फोटो सोर्स- इंटरनेट, एडिट, npg.news
रायपुर 16 मार्च 2026, छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन परिसर में स्थित लाइट कैफे में शुक्रवार-शनिवार रात बर्थडे सेलिब्रेशन के दौरान जमकर हंगामा देखने को मिला। यहां नशे में धुत तीन युवकों ने युवतियों के साथ अश्लील हरकत और कमेंट्स किया। इसका विरोध करने पर युवकों ने उनके भाईयों के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद दोनों पक्षों ने रविवार को जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराई।
क्या है पूरा मामला ?
बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार घर में केक काटने के बाद शुक्रवार रात 12 बजे लाइट कैफे में खाना खाने पहुंचा था, तभी वहां मौजूद नशे में धुत तीन युवक युवतियों को फ्लाइंग किस देने लगे और अश्लील कमेंट्स कर उठा ले जाने की बात कहने लगे। वहीं जब उनके भाईयों ने इसका विरोध किया, तो युवकों ने उनके साथ मारपीट कर दी।
मामले ने कब पकड़ा तूल ?
घटना के बाद पीड़ित परिवार आरपीएफ पोस्ट पहुंचा और मामले की शिकायत की। हालांकि तब तक तीनों युवक फरार हो गए थे। शनिवार शाम को मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। इसके बाद दोनों पक्षों ने रविवार को GRP थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह से तीन युवक एक युवक को बुरी तरह से मार रहे हैं। दोनों पक्षों की ओर से जमकर लात और घूंसे चल रहे हैं। इसके बाद एक युवक कुर्सी उठाकर दूसरे युवक की ओर फेंककर मारता है और दूसरा युवक भी कुर्सी उठाकर मारने लगता है। इस बीच वहां एक पुलिसकर्मी आ जाता है और मामले को शांत करने की कोशिश करता है।
GRP थाना प्रभारी ने क्या कहा ?
इस मामले में GRP थाना प्रभारी भूपेश राठौर का कहना है कि दोनों पक्षों ने रविवार को थेने आकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। युवतियों की ओर से तीन युवकों के खिलाफ छेड़छाड़, अश्लील हरकत और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई गई है। दूसरे पक्ष ने भी मारपीट के आरोप लगाए हैं। फिलहाल कैफे में लगे सीसीटीवी फूटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि घटना की सच्चाई का पता लगाया जा सके।
