Raipur Crime News: रायपुर में BJP नेता के बेटे से ठगी, तंत्र-मंत्र से 3.50 लाख को 100 गुना करने का दिया झांसा, नकली नोटों का थैला थमाकर भागा
Raipur Crime News: रायपुर में BJP नेता के बेटे से ठगी का एक मामला सामने आया है। यहां एक तांत्रिक ने तंत्र-मंत्र से नोटों को 100 गुना करने का झांसा देकर 3.50 लाख की ठगी की है।

सोर्स- इंटरनेट, एडिट- npg.news
Raipur Crime News: रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ठगी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां कारोबारी और बीजेपी नेता के बेटे से नोटों को 100 गुना करने के नाम पर एक तांत्रिक ने लाखों रुपए की ठगी की है। शिकायत के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु कर दी है। यह पूरा मामला गुढ़ियारी थाना क्षेत्र का है।
जानिए पूरा मामला
गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में तंत्र-मंत्र के नाम पर पैसों की बारिश करने और नोटों को 100 गुना करने के नाम पर ठगी की घटना को अंजाम दिया गया है। कारोबारी और बीजेपी नेता के बेटे की शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर दो आरोपियों को अपनी हिरासत में ले लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है। जल्द ही पुलिस इस मामले में कोई बड़ा खुलासा कर सकती है।
इस तरह हुई थी जान पहचान
जानकारी के मुताबिक, गुढ़ियारी के साहू पारा में रहने वाले बीजेपी पार्षद चिंताराम कुर्रे के बेटे रूस्तम कुर्रे ने 9 फरवरी को थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि एक साल पहले सुपेला भिलाई में उसकी पहचान राहुल भारती से हुई थी। राहुल ने काम की तलाश में उससे संपर्क बढ़ाया और 4 फरवरी को उसके घर आकर बताया कि उसके पहचान में मयंक दास नाम का एक तांत्रिक है, जो पैसों को तंत्र मंत्र से 100 गुना करता है।
3.50 लाख को 100 गुना करने का दिया झांसा
रूस्तम भी उसके झांसे में आ गया और अपने पैसे 100 गुना कराने के लिए तांत्रिक से संपर्क किया। 6 फरवरी को शाम 7 बजे राहुल भारती अपने साथी और कथित तांत्रिक मयंक दास के साथ रूस्तम के मंगल बाजार स्थित कार्यालय में पहुंचा। फिर पूजा-पाठ के दौरान उससे 3 लाख 50 हजार रुपए कैश ले लिए और बाहर इंतेजार करने को कहा।
नकली नोटों से भरा थैला थमाकर फरार
रात साढे 10 बजे के आसपास वह बाहर आया और नकली नोटों से भरा थैला पकड़ाकर शमशान से मिट्टी लाने की बात कहकर राहुल के साथ बाइक से फरार हो गया। काफी देर बाद भी जब वह नहीं लौटा, तो उसने थैला खोलकर देखा तो उसमें असली की जगह नकली नोट भरे मिले, जिसके बाद उसे अपने साथ हुए ठगी का ऐहसास हुआ। इसके बाद उसने इसकी शिकायत थाने में कर दी। पुलिस ने भी शिकायत दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ शुरु कर दी है।
