मां ने तीन बच्चों को मारकर किया सुसाइड: मासूमों को पानी की टंकी में डुबोकर मारा, फिर ट्रेन के आगे लगा दी छलांग, जानिए आखिर क्यों उठाया ये आत्मघाती कदम
महिला ने अपने तीन बच्चों को पानी टैंक में डुबोकर मार डाला। इसके बाद उसने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी।

फोटो सोर्स- इंटरनेट, एडिट, npg.news
सवाई माधोपुर 03 मार्च 2026, राजस्थान के सवाई माधोपुर में सोमवार को महिला ने अपने तीन बच्चों को पानी टैंक में डुबोकर मार डाला। इसके बाद उसने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर उसने ये आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी है। यह पूरा मामला वजीरपुर थाना क्षेत्र का है।
क्या है पूरा मामला ?
वजीरपुर थाना क्षेत्र के मीना बड़ौदा गांव में सोमवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक साथ तीन बच्चों की लाश पानी की टंकी में तैरती हुई मिली। वहीं उनकी मां ने ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी। महिला ने आत्महत्या से पहले वीडियो बनाकर अपने ससुराल वालों पर मारपीट और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। वीडियो के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
पानी के टंकी में मिली तीन बच्चों की लाश
वजीरपुर थाना अधिकारी राजवीर के मुताबिक, सोमवार सुबह 10 बजे के आसपास तीन बच्चों की लाश उनके घर से महज 150 मीटर दूर पानी के टंकी में मिली थी, जिनकी पहचान दिव्या (5), भारती (3) और डेढ़ साल के दीपक के रूप में हुई। वहीं उसकी मां संगीता मीणा लापता थी। बच्चों के शव को वजीरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में रखवाकर संगीता की तलाश शुरु की गई।
महिला ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि संगीता ने रविवार की रात भरतपुर रेलवे स्टेशन पर सोगरिया एक्सप्रेस के सामने छलांग लगा दी थी। RPF और GRP ने उसे आरबीए अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां से उसे गंभीर हालत में SMS अस्पताल जयपुर रेफर कर दिया गया था। यहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप
पुलिस ने जब मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरु की, तो पता चला कि संगीता की शादी 7 साल पहले बड़ौदा के प्रवीण मीणा के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही उसके परिवार वाले उसे प्रताड़ित कर रहे थे,, जिसके चलते उसने ये आत्मघाती कदम उठाया। वहीं ससुराल पक्ष पर आरोप है कि घटना की जानकारी के बाद भी वे संगीता से मिलने अस्पताल नहीं पहुंचे।
आत्मघाती कदम उठाने से पहले बनाया वीडियो
संगीता ने आत्मघाती कदम उठाने से पहले वीडियो बनाया था, जिसमें उसने ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या की बात कही थी। वजीरपुर थाना अधिकारी राजवीर ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
आत्महत्या से बचने और बचाने के लिए क्या करें ?
अगर आप या आपका परिचित ज़रूरत से ज़्यादा तनाव में हैं, घबराहट हो रही है या फिर मन में खुद को नुकसान पहुंचाने का ख्याल आ रहा है तो किसी करीबी से बात करें. इसके अलावा भारत सरकार के सुसाइड हेल्पलाइन नंबर 14416 और 1800-891-4416 पर संपर्क करें.
