बच्चों के झगड़े ने लिया हिंसक रूप: दो पक्षों में हुई जमकर मारपीट और पत्थरबाजी, CSP समेत 5 घायल
भिलाई में बच्चों के विवाद में बड़े भी कूद पड़े और फिर देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच हुए पत्थरबाजी में छावनी CSP और पुलिसकर्मी समेत 5 लोग घायल हो गए हैं।

फोटो सोर्स- इंटरनेट, एडिट, npg.news
दुर्ग 17 मार्च 2026, छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में दो पक्षों के बीच झड़प हुई है। सोमवार देर रात बच्चों के विवाद में बड़े भी कूद पड़े और फिर देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच हुए पत्थरबाजी में छावनी CSP और पुलिसकर्मी समेत 5 लोगों के घायल होने की भी खबर है। यह पूरा मामला छावनी थाना क्षेत्र का है।
कैसे शुरु हुआ विवाद ?
छावनी थाना क्षेत्र के सोनकर मोहल्ले में सोमवार रात जमकर बवाल देखने को मिला। यहां बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसकी जानकारी जैसे ही उनके परिजनों को लगी वैसे ही वे मौके पर पहुंच गए। इसके बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और फिर देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई।
CSP समेत 5 घायल
इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पत्थरबाजी भी हुई। घटना की जानकारी लगते ही छावनी CSP अपने दल बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन इस पत्थरबाजी में CSP समेत 5 घायल हो गए। इसके बाद दुर्ग और भिलाई से भी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और हालातों पर काबू पाया। इसके बाद पूरे मोहल्ले में पुलिस बल तैनात किया गया और गश्त की गई।
लव एंगल की भी आशंका
हालांकि आशंका ये भी जताई जा रही है कि लव एंगल के कारण विवाद की स्थिति बनी। एक पक्ष का आरोप है कि मोहल्ले का युवक कुछ दिन पहले मोहल्ले की ही युवती को भगा ले गया था। बाद में दोनों को वापस बुलाकर युवती को उसके घर और युवक को जेल भेज दिया गया। आरोप है कि इसी वजह से ये विवाद हुआ।
ग्रामीण ASP ने क्या कहा ?
वहीं इस मामले में एडिशनल एसपी ग्रामीण मणिशंकर चंद्रा का कहना है कि सोनकर मोहल्ले में दो पक्षों के बीच विवाद हुआ। दोनों पक्ष थाने पहुंचे और घायलों का मुलाहिजा कराया जा रहा है। शुरुआती जांच में सामने आया कि बच्चों के विवाद से यह झड़प शुरु हुई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। फिलहाल भिलाई निगम के एमआइसी सदस्य मन्नान, इंजीनियर सलमान, सकील, मोबिन, जोहेल और टीपू समेत अन्य लोगों के खिलाफ धारा 191,(1) (3)109 BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है।
