CG पुलिस पर हमला, अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर लाठी-डंडे से जानलेवा हमला, तीन पुलिसकर्मी घायल, एक की हालत नाजुक
CG: अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस पर बदमाशों ने हमला कर दिया। घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Gariaband News: गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से बड़ी खबर सामने आई है। कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला हो गया। घटना में तीन पुलिसकर्मियों को चोट लगी। बताया जा रहा है कि एक जवान को गंभीर चोट लगने की वजह से उनकी हालत नाजुक बनी हुई है, जिन्हें उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है। यह पूरा मामला गरियाबंद जिले के कोसमी गांव का है।
जानिए कैसे हुई घटना
दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि कोसमी गांव में अवैध शराब बनाया और बेचा जा रहा है। इस सूचना को पुलिस ने गंभीरता से लिया और मैनपुर थाना पुलिस के तीन पुलिसकर्मी कार्रवाई करने मौके पर पहुंचे। पुलिस को गांव में देखकर अवैध शराब में लिप्त लोग आक्रोशित हो गए। आरोपियों ने पुलिसकर्मियों से विवाद करते हुए हमला कर दिया। आरोपियों ने लाठी-डंडे से वहां मौजूद तीन पुलिसकर्मियों की पिटाई कर दी।
इस घटना में तीनों पुलिसकर्मियों को गंभीर चोट लगी। जैसे-तैसे पुलिसकर्मियों ने आरोपियों से खुद को बचाया और इसकी सूचना तत्काल उच्च अधिकारियों को दिए। हमले की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस बल भेजा गया। घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बताया जा रहा हैं कि मारपीट की घटना में एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर लाया गया है। वहीं, पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। कोसमी गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैयान किया गया है। हमला करने वाले आरोपियों की तलाश की जा रही है। साथ ही मामले में आगे की जांच कार्रवाई भी जारी है।
टीआई से भी मारपीट
घटना रायपुर के गंज थाना क्षेत्र का है। 14 मार्च की रात करीब 12.25 बजे गंज थाना प्रभारी सुनील दास, आरक्षक जितेश मांझी और सौरभ यादव के साथ शहर में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान नमस्ते चौक के पास भारी ट्रैफिक जाम और भीड़ लगी थी। टीआई मौके पर पहुंचे तो एक युवक अपनी कार मारूति सुजुकी को गलत तरीके से मोड़कर सड़क के बीच खड़ा कर दिया था, जिसकी वजह से सड़क पर लंबा जाम लग गया था।
टीआई को धमकी
टीआई ने आरोपी युवक को समझाया और उसे गाड़ी हटाने को कहा, इतने में आरोपी भड़क उठा और धमकी देने लगा कि तुम मुझे नहीं जानते मैं कौन हूं। आरोपी ने अपना नाम हंसु कुमार चंद्रवंशी बताया। टीआई और उनकी टीम के द्वारा बार-बार समझाने के बाद भी आरोपी बहस करते हुए गंज थाना प्रभारी सुनील दास से धक्का-मुक्की करने लगा। इतना ही नहीं आरोपी ने थाना प्रभारी का हाथ मरोड़ दिया।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने आरोपी को पकड़ा और तत्काल उसे थाने लाया गया। मेडिकल परीक्षण में पता चला कि आरोपी शराब के नशे में था। पुलिस कर्मियों ने घटना में घायल थाना प्रभारी को एम्स अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डाॅक्टरों के द्वारा उनके कंधे के डिस्लोकेट होने की पुष्टि की।
वहीं, आरोपी हंसु कुमार चंद्रवंशी 23 निवासी बोरतरा खुर्द कबीरधाम के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अपराध दर्ज किया और जेल भेजा गया।
आरोपी का नाम
हंसु कुमार चंद्रवंशी पिता दिलीप चन्द्रवंशी उम्र 23 वर्ष साकिन- बोरतराखुर्द रामपारा बरगद पेड के पास थाना कुण्डा जिला कबीरधाम
