सरपंच की पिटाई से अस्पताल कर्मी की मौत, गुस्साए कर्मचारियों ने पीएम कक्ष में जड़ा ताला, आरोपी सरपंच की गिरफ्तारी की माँग
CG Crime News: कोरबा के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक बुजुर्ग कर्मचारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोप है कि 30 मार्च को एक सरपंच ने कर्मचारी से मारपीट की थी।

इमेज सोर्स- NPG News
कोरबा| 6 अप्रैल 2026| छत्तीसगढ़ कोरबा के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक बुजुर्ग कर्मचारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोप है कि 30 मार्च को एक सरपंच ने कर्मचारी से मारपीट की थी।
कोरबा के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक बुजुर्ग कर्मचारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोप है कि 30 मार्च को एक सरपंच ने कर्मचारी से मारपीट की थी। इस घटना के बाद मृतक के परिजन और अस्पताल कर्मचारियों जा गुस्सा फूट गया है। आरोपी सरपंच की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और पोस्टमार्टम कक्ष में ताला जड़ दिया है।
क्या है मामला
घटना 30 मार्च को सामने आई थी। एक युवक की कुएं में गिरने से मौत हो गई थी, शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के मर्चुरी लाया गया था। वहां पहुंचे सरपंच कर्मचारियों से जल्द पोस्टमार्टम करने की जिद करने लगा । जब एक बुजुर्ग कर्मचारी ने व्यस्तता का हवाला देते हुए इंतजार करने को कहा, तो सरपंच तैश में आ गया और उसने कर्मचारी की पिटाई कर दी, साथ ही उसका सिर दीवार में पटक दिया।
मारपीट की घटना से गंभीर रूप से घायल कर्मचारी को आईसीयू वार्ड में भर्ती किया गया था. सोमवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की बड़ी बेटी लक्ष्मी ने बताया, पिता बालकृष्ण चनईया के साथ ड्यूटी के दौरान मारपीट की गई, जिसके कारण उनकी मौत हो गई है.
परिजन और अस्पताल के कर्मचारी आरोपी सरपंच, बेन्द्रकोना निवासी जयवीर सिंह ठाकुर की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल के पोस्टमार्टम करने वाले कर्मचारियों ने विरोध करते हुए पीएम कक्ष और मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया है और पोस्टमार्टम करने से इनकार कर रहे हैं। इस चलते पीएम कक्ष में रखे अन्य शवों का भी पोस्टमार्टम नहीं हो पा रहा है।
जिला मेडिकल कॉलेज के संयुक्त संचालक गोपाल कंवर ने बताया , घटना के दिन ही पुलिस को सूचित कर दिया गया था और पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। परिजन आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं और इस संबंध में बातचीत जारी है।
घटना की जानकारी मिलने पर कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे और पुलिस बल तैनात किया गया है। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया, इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
