CG में बड़ा भाई निकला हत्यारा: मारपीट के बाद घोंट दिया छोटे भाई का गला, सामने आई हैरान कर देने वाली वजह
Korba Murder Case: जमीन बंटवारे के विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या कर दी। घटना को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

फोटो सोर्स- इंटरनेट, एडिट, npg.news
कोरबा 05 अप्रैल 2026, छत्तीसगढ़ की कोरबा पुलिस ने दयाराम यादव हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली है। हत्यारा कोई और नहीं बल्कि दयाराम का बड़ा भाई कल्याण यादव निकला, जिसने जमीन बंटवारे के विवाद में 2 अप्रैल को उसकी पिटाई के बाद गला घोंट दिया था। साथ ही घटना को अंजाम देकर फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने 4 अप्रैल को गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरी घटना पसान थाना क्षेत्र की है।
क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान दयाराम यादव के रूप में हुई है, जो कि सेन्हा छापरपारा गांव का रहने वाला था। 2 अप्रैल के दोपहर 12 बजे दयाराम बेहोशी की हालत में पड़ा मिला था। उसके सिर और शरीर पर चोट के निशान मिले थे, जिसके बाद उसके पिता बैसाखू राम यादव ने उसे गैरिला स्थित अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कैसे हुआ मामले का खुलासा ?
घटना के बाद बैसाखू राम ने अपनी बहू रामवती से घटना की जानकारी ली, तो पता चला कि उसके बड़े बेटे कल्याण यादव (33) ने जमीन बंटवारे को लेकर उसकी लाठी-डंडे से पिटाई की थी। साथ ही गला घोंटने की कोशिश भी की थी। इसके बाद वो उसे मरा समझकर फरार हो गया था, जिसके बाद बैसाखू राम ने इसकी शिकायत थाने में की।
कब और कैसे पकड़ाया आरोपी ?
शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया और जांच शुरु की। इस दौरान पुलिस ने उसकी तलाशी के लिए ग्राम रक्षा दल की भी सहायता ली, तो पता चला कि आरोपी साहदामपुर के पास है। इसके बाद पुलिस ने 4 अप्रैल को घेराबंदी कर आरोपी कल्याण यादव (33) को गिरफ्तार कर लिया, जिसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया और उसे जेल भेज दिया गया।
हत्या पर कौन सी धारा लगती है ?
भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 302 और नए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत मामला दर्ज किया जाता है। इसके तहत आरोपी को मृत्यूदंड या आजीवन कारावास की सजा हो सकती है। साथ ही जुर्माना भी लगाया जा सकता है।
