डीएवी प्रवेश प्रक्रिया: मुख्यमंत्री डीएवी स्कूल में इस दिन से शुरू हो रही है प्रवेश प्रक्रिया, देखें डीपीआई का आदेश
CG School News: प्रदेश में संचालित मुख्यमंत्री डीएवी स्कूल में प्रवेश प्रक्रिया के संंबंध में डीपीआई ने जरुरी दिशा निर्देश जारी कर दिया है। इन स्कूलों में प्रारंभिक कक्षा नर्सरी से एडमिशन दिया जाएगा। डीपीआई ने प्रवेश प्रक्रिया को लेकर जरुरी गाइड लाइन के साथ कैलेंडर जारी कर दिया है। देखें डीपीआई का आदेश

इमेज सोर्स- गूगल, एडिट बाय- NPG News
रायपुर।18 मार्च 2026| प्रदेश में संचालित मुख्यमंत्री डीएवी स्कूल में प्रवेश प्रक्रिया के संंबंध में डीपीआई ने जरुरी दिशा निर्देश जारी कर दिया है। इन स्कूलों में प्रारंभिक कक्षा नर्सरी से एडमिशन दिया जाएगा। डीपीआई ने प्रवेश प्रक्रिया को लेकर जरुरी गाइड लाइन के साथ कैलेंडर जारी कर दिया है।
लोक शिक्षण संचालनालय डीपीआई ने छत्तीसगढ़ के जिला बलौदाबाजार, बलरामपुर, बस्तर, बेमेतरा, बिलासपुर, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा, जशपुर, कबीरधाम, कोण्डागांव, कोरबा, कोरिया, मुंगेली, रायगढ़, सूरजपुर व सरगुजा के कलेक्टर को पत्र लिखकर मुख्यमंत्री डीएवी स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया को लेकर जरुरी दिशा निर्देश जारी किया है। जारी पत्र में लिखा है, छत्तीसगढ़ शासन, स्कूल शिक्षा विभाग एवं डी.ए.व्ही. कालेज ट्रस्ट मैनेजमेंट सोसयटी के मध्य हुए समझौता तथा समय-समय पर उच्च स्तरीय बैठकों में लिये गये निर्णय।
राज्य के ई.बी.बी. विकासखण्डों में पी.पी. मोड से 72 मुख्यमंत्री डीएव्ही शालायें संचातिल हो रही है। एमओयू के अनुसार इन विद्यालयों में प्रवेश हेतु आरटीई एवं शासकीय कोटे से बच्चों के प्रवेश हेतु सीटे निर्धारित है। इन सीटों में प्रवेश हेतु पूर्व में उच्च कार्यालयों से समय-समय पर निर्देश जारी किये गये है। जिसमें दुर्बल एवं वंचित वर्ग के साथ-साथ, स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर नक्सल प्रभावित बच्चों एवं सुदूर अंचल में कार्य कर रहे केंद्रीय तथा राज्य शासन के कर्मचारी, अधिकारी के बच्चों हेतु प्राथमिकता क्रम निर्धारित कर प्रवेश दिया जाता है।
सचिव स्तर की बैठक में लिये गये निर्णय अनुसार मुख्यमंत्री डीएव्ही. शालाओं में पूर्व में केजी. 1 से प्रवेश लिया जाता था उसे नर्सरी किया गया है। सभी जिलों में भिन्न-भिन्न तिथियों में अलग-अलग प्रक्रियाओं के माध्यम से इन शालाओं में प्रवेश की कार्यवाही सम्पन्न की जाती है। सभी जिलों में प्रवेश की कार्यवाही में एकरूपता लाने के लिए ये निर्देश जारी किए गए हैं।
प्रारंभिक कक्षा नर्सरी के लिये अपनाई जाएगी ये प्रक्रिया
- सभी जिलों में पूर्व की तरह विज्ञापन जारी कर पत्र के साथ दिये गये समय-सारणी अनुसार प्रवेश हेतु आर.टी.ई. पोर्टल के माध्यम से आवेदन आमंत्रित किया जाना है।
- आवेदन समाप्ति उपरांत, जिला स्तर पर कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा आवेदनों का परीक्षण कर मुख्यमंत्री डी.ए.व्ही. शालाओं में प्रवेश हेतु प्रचलित नियमों के तहत, आवेदनों का प्राथमिकता क्रम निर्धारित किया जायेगा।
- प्राथमिकता क्रम निर्धारित करने के उपरांत आरटीई पोर्टल में आवेदनों को प्राथमिकता क्रम आबंटित किया जायेगा।
- समय-सारणी अनुसार दिये गये तिथि में एक सीट के अधिक आवेदन की स्थिति में पोर्टल के माध्यम से लाटरी के निकालकर प्रवेश सूची एवं प्रतीक्षा सूची जारी की जायेगी। पोर्टल से प्राप्त अंतिम सूची अनुसार ही बच्चों को प्रवेश दिया जायेगा।
25 फीसदी याने 23 बच्चों का एडमिशन आरटीई से होगा
मुख्यमंत्री डीएव्ही. शालाओं में पूर्व से शासकीय कोटे से अध्ययनरत बच्चों में से प्रत्येक कक्षा में कुल सीट क्षमता 90 है, इसमें से 25 प्रतिशत सीट अर्थात 23 बच्चों का नाम आरटीई पोर्टल में कक्षावार प्रवेश दिया जाना है। हालांकि पूर्व में बच्चों में आरटीई और शासकीय कोटे अनुसार बच्चों को प्रवेश नहीं दिया गया है, किंतु सभी बच्चे दुर्बल एवं वंचित वर्ग से संबंधित होने के कारण किसी भी 23 बच्चों का नाम आरटीई पोर्टल में प्रविष्ट किया जाना है। यह कार्य 30 अप्रैल 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिया जाना है।
कैलेंडर का करना होगा पालन
- विज्ञापन जारी करने की तिथि- 25 से 27 मार्च 2026
- डी.ए.व्ही. स्कूल में आवेदन की तिथि- 30 मार्च से 13 अप्रैल 2026
- आवेदन का सत्यापन एवं प्राथमिकता का निर्धारण समिति द्वारा-13 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026
- आवेदन संशोधन- 16 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026
- लॉटरी एवं आबंटन- 23 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026
- स्कूल दाखिला- 27 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026
