छत्तीसगढ़ में मौसम का यू-टर्न: आंधी-तूफान और गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी, इन जिलों में बिजली-ओले गिरने की संभावना
Chhattisgarh Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम का यू-टर्न देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने आंधी-तूफान और गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है।

रायपुर 24 फरवरी 2026, छत्तीसगढ़ का मौसम इन दिनों बदला-बदला सा है। कभी बारिश, तो कभी तेज धूप के साथ गर्मी पड़ रही है। हालांकि मौसम विभाग (IMD) ने छत्तीसगढ़ में अगले दो दिन आंधी-तूफान और गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। बारिश के कारण ही तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, तो चलिए जानते हैं कि आपके जिले में आज का मौसम कैसा रहेगा?
अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम ?
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, अभी बंगाल की खाड़ी में कम दबाव वाला क्षेत्र बना हुआ है, जिसके कारण छत्तीसगढ़ का मौसम बदल गया है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में सोमवार से रुक-रुककर बारिश हो रही है। यह सिलसिला अगले दो दिन तक जारी रहेगा, जिसके कारण तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगी।
कहां बना कम दबाव वाला क्षेत्र ?
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्र के मुताबिक, दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य भाग में कम दबाव वाला क्षेत्र बना हुआ है। संभावना जताई जा रही है कि उत्तर पूर्व दिशा की ओर आगे बढ़ते हुए कम दबाव वाला क्षेत्र अगले 24 घंटे में कमजोर पड़ सकता है। इसी कम दबाव वाले क्षेत्र के कारण मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में आंधी-तूफान और गरज-चमक के साथ बारिश के आसार है।
किन जिलों में बारिश की संभावना है ?
मौसम विभाग (IMD) ने छ्त्तीसगढ़ के जिन जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की है उनमें रायपुर, बिलासपुर, धमतरी, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मनेन्द्रगढ़-भरतपुर-चिरमिरी, महासमुंद, रायगढ़, जशपुर, कोरिया, सूरजपुर, अंबिकापुर, बलौदाबाजार, कोरबा, सरगुजा, कोंडागांव, कांकेर, गरियाबंद और बस्तर सहित लगभग सभी जिले शामिल है।
पिछले 24 घंटे में कैसा रहा तापमान ?
पिछले 24 घंटे की बात करें तो न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के साथ अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा। वहीं अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस के साथ जगदलपुर सबसे गर्म रहा। इसके अलावा रायपुर का न्यूनतम तापमान 20.3, बिलासपुर का न्यूनतम तापमान 17.8, दुर्ग का न्यूनतम तापमान 15, जगदलपुर का न्यूनतम तापमान 18.5 और पेंड्रा रोड का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहा।
