Begin typing your search above and press return to search.

CG Teacher News: कार्रवाई या खानापूर्ति? दामाद बाबू का स्वागत करने वाली रील्सबाज शिक्षिकाओं को कलेक्टर के हस्तक्षेप पर डीईओ ने थमाई दिखावटी नोटिस, NPG से बोले...

CG Teacher News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डीम प्रोजेक्ट के तहत संचालित पीएमश्री स्कूल कैम्पस में दामाद बाबू का स्वागत करने वाली रील्सबाज शिक्षिकाओं को गरियाबंद कलेक्टर बीएस उइके के हस्तक्षेप के बाद डीईओ ने नोटिस तो जारी किया पर यह क्या, पूरी तरह खानापूर्ति और गल्तियों पर पर्दा डालने और बचाव की कोशिश नजर आ रही है। डीईओ ने NPG से कुछ ऐसा कहा....

CG Teacher News: कार्रवाई या खानापूर्ति? दामाद बाबू का स्वागत करने वाली रील्सबाज शिक्षिकाओं को कलेक्टर के हस्तक्षेप पर डीईओ ने थमाई दिखावटी नोटिस, NPG से बोले...
X

इमेज सोर्स- NPG News

By Radhakishan Sharma

11February 2026|रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डीम प्रोजेक्ट के तहत संचालित पीएमश्री स्कूल कैम्पस में दामाद बाबू का स्वागत करने वाली रील्सबाज शिक्षिकाओं को गरियाबंद कलेक्टर बीएस उइके के हस्तक्षेप के बाद डीईओ ने नोटिस तो जारी किया पर यह क्या, पूरी तरह खानापूर्ति और गल्तियों पर पर्दा डालने और बचाव की कोशिश नजर आ रही है।

डीईओ कार्यालय ने रील्सबाज 12 शिक्षिकाओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। डीईओ द्वारा जारी नोटिस में लिखा है, उपरोक्त विषयांतर्गत लेख है कि सोशल मीडीया में दो वीडियों वायरल हो रहे हैं। ये वायरल वीडियो कथित रूप से आपके विद्यालय परिसर में स्टाफ की अन्य शिक्षिकाओं के सहयोग से बनाया गया है, इसमें जिन दामाद जी का स्वागत किया गया है, क्या वे कोई शिक्षाविद हैं , जिसके मार्ग-दर्शन में शिक्षकों और विद्यार्थियों को शैक्षणिक स्तर सुधारने में कोई महत्वपूर्ण मदद मिल रही है? एक अन्य वीडीयो में आपके नृत्य प्रदर्शन से विद्यार्थियों को किस प्रकार के शैक्षणिक और नैतिक मूल्यों के विकास में मदद मिल रही है?

उक्त दोनों वीडीयो के प्रसारण से आप समाज को किस प्रकार का संदेश देना चाह रहे हैं? समाज और समुदाय, विद्यालय और शिक्षक से ऐसे गरिमामय आचरण की अपेक्षा करता है, जिससे विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों का विकास हो, संस्कारित हो, ज्ञानार्जन कर समाजपयोगी नागरिक बनें, इसके विपरीत ऐसे कृत्य आपके द्वारा क्यों और किन परिस्थितियों में किया गया है इसे दो दिवस के भीतर अधोहस्ताक्षरकर्ता के समक्ष स्वयं उपस्थित होकर बिन्दुवार प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें।



नोटिस की इनको दी गई है जानकारी

  • संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय।
  • संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग रायपुर।
  • कलेक्टर जिला गरियाबंद।
  • मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गरियाबंद।
  • प्राचार्य स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय गरियाबंद वि.ख. गरियाबंद।

नोटिस में बरती इस तरह की चालाकीNPG.NEWS को डीईओ कार्यालय से रील्सबाज शिक्षिकाओं को जारी नोटिस की कॉपी मिली है। नोटिस किसे दिया गया है और किस स्कूल की शिक्षिकाओं को जारी किया गया है। कुछ भी नहीं है। जिनको नोटिस भेजा गया है उसका नाम ही नहीं है। डीईओ कार्यालय के इस नोटिस को लेकर अटकलें लगाई जा रही है, कहीं डीईओ कार्यालय से नोटिस के नाम पर खानापूर्ति तो नहीं की जा रही है। जानबुझकर मामले को ठंडे बस्ते में डालने की कोशिश तो नहीं हो रही है। इस बात की भी चर्चा हो रही है कि पर्दे के पीछे रील्सबाज शिक्षिकाओं को बचाने की कोशिश की जा रही है। डीईओ कार्यालय से जारी नोटिस को देखकर तो यही लगता है।

डीईओ ने ये कहा

जारी कारण बताओ नोटिस में रील्सबाज शिक्षिकाओं के नाम को लेकर जब डीईओ से बात की गई तब उन्होंने कहा, 12 शिक्षिकाओं को नोटिस जारी किया गया है। जब पूछा गया, नोटिस में तो नाम ही नहीं है, जवाब आप किससे मांग रहे हैं। तब डीईओ ने कहा, नाम बाहर नहीं दे रहे हैं। जब उनसे कहा गया कि फैशन परेड और दामाद बाबू का स्वागत सत्कार वाला वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर अब भी चल रहा है, सब -कुछ पब्लिक डोमेन में है तो नाम देने में आपत्ति क्यों? डीईओ ने कहा, नाम व्यक्तिगत होता है,उसे लाइट में आकर क्या करेंगे।

VIRAL VIDEO और दामाद जी का स्वागत सत्कार

सोशल मीडिया में वायरल हो रहे एक वीडियो गणतंत्र दिवस के दिन का बताया जा रहा है। गणतंत्र दिवस के दिन स्कूल कैम्पस में अजीबो-गरीब घटना हुई। शिक्षिकाओं के एक समूह ने दामाद जी का अपने अंदाज में जमकर स्वागत सत्कार किया। वीडियो के बैक ग्राउंउ में बज रहे गाने को सुनकर आज भी अचरज में पड़ जाएंगे। बैक ग्राउंउ में गाना बज रहा है...दामाद जी अंगना में पधारे ,दामाद जी सब टुक टुक निहारे। दरअसल एक मैडम ने हाल के दिनों मे लव मैरिज किया है। लव मैरिज के बाद पति महाशय को स्टाफ को इंट्रोड्यूज कराने स्कूल लेकर पहुंची थी। शिक्षिकाओं ने इवेंट का आयोजन कर डाला। दूसरा वीडियो वसंत पंचमी के अवसर पर स्कूल में सरस्वती पूजन का आयोजन किया गया था। पूजन के बाद शिक्षिकाओं के ग्रुप ने फैशन परेड किया। ये दोनों वीडियाे सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर तेजी के साथ वायरल हो रहा है।

सिविल सेवा नियम का उल्लंघन का है मामला

शासकीय सेवकों के लिए बनाए गए नियमों व मापदंडों पर नजर डालें तो छत्तीसगढ़ में यदि कोई शासकीय शिक्षक शाला परिसर या स्कूल समय के दौरान इंस्टाग्राम रील बनाता है, तो यह मुख्य रूप से 'छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965' का सीधा उल्लंघन माना जाता है।

ये है स्कूल शिक्षा विभाग के नियम

छत्तीसगढ़ शासन, स्कूल शिक्षा विभाग ने इस संबंध में समय-समय पर कड़े निर्देश जारी किए हैं। यहां उन नियमों और धाराओं का विवरण दिया गया है जो इस स्थिति में लागू होती है:

छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965

यह शिक्षकों के लिए सबसे महत्वपूर्ण नियम है। इसके तहत निम्नलिखित धाराओं का उल्लंघन होता है:

नियम 3 (Rule 3): इसमें स्पष्ट है कि हर शासकीय सेवक को पूर्ण निष्ठा (Integrity) बनाए रखनी होगी और ऐसा कोई कार्य नहीं करना होगा जो शासकीय सेवक के लिए अशोभनीय (unbecoming) हो। रील बनाना "अशोभनीय कृत्य" की श्रेणी में आता है।

नियम 7 (Rule 7): यह सरकारी कर्मचारी द्वारा सोशल मीडिया और मीडिया के दुरुपयोग से संबंधित है।

छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग के विशिष्ट निर्देश

छत्तीसगढ़ लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने स्पष्ट आदेश जारी किए हैं किः

मोबाइल प्रतिबंधः शिक्षण कार्य के दौरान मोबाइल का उपयोग केवल शैक्षणिक कार्यों के लिए ही किया जा सकता है। मनोरंजन या रील बनाने के लिए मोबाइल का उपयोग 'कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही' माना जाता है।

अनुशासनहीनताः स्कूल परिसर में फिल्मी गानों पर डांस या एक्टिंग करना स्कूल के शैक्षणिक वातावरण को दूषित करने और अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है।

कानूनी और विभागीय परिणाम- यदि कोई शिक्षक ऐसा करते हुए पाया जाता है, तो छत्तीसगढ़ में निम्नलिखित प्रक्रिया अपनाई जाती है:

ये है दंड के प्रावधान

निलंबन: छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत शिक्षक को तत्काल निलंबित किया जा सकता है।

अनुशासनात्मक -कार्रवाई शिक्षक के विरुद्ध विभागीय जांच (Departmental Enquiry) बैठाई जा सकती है।

सेवा पुस्तिका (Service Book) में प्रविष्टि भविष्य में पदोन्नति (Promotion) और वेतन वृद्धि (Increment) पर रोक लग सकती है।

Radhakishan Sharma

राधाकिशन शर्मा: शिक्षा: बीएससी, एमए राजनीति शास्त्र व हिन्दी साहित्य में मास्टर डिग्री, वर्ष 1998 से देशबंधु से पत्रकारिता की शुरुआत। हरिभूमि व दैनिक भास्कर में बतौर सिटी रिपोर्टर काम किया। 2007 से जुलाई 2024 तक नईदुनिया में डिप्टी न्यूज एडिटर व सिटी चीफ के पद पर कार्य का लंबा अनुभव। 1 अगस्त 2024 से एनपीजी न्यूज में कार्यरत।

Read MoreRead Less

Next Story