CG New Minister: सीजी में हरियाणा की तर्ज पर अब 13 मंत्री, गजेंद्र यादव, खुशवंत साहेब और राजेश अग्रवाल को राज्यपाल ने दिलाई शपथ...
CG New Minister: छत्तीसगढ़ में आखिरकार तीन मंत्रियों ने आज शपथ ग्रहण की। इसके साथ विष्णुदेव साय मंत्रिमंडल में मंत्रियों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। 2004 में 15 परसेंट का नियम आने के बाद 21 साल से छत्तीसगढ़ में 12 मंत्री होते थे।

CG New Minister: रायपुर। राज्यपाल रामेन डेका ने आज छत्तीसगढ़ के तीन नए मंत्रियों को शपथ दिलाई। राजभवन के दरबार हॉल में गरियामय समारोह में तीनों मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह हुआ। तीनों मंत्रियों ने ईश्वर के नाम पर शपथ ली। इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत उनके मंत्रिमंडल के सभी सदस्य, विधायक, सांसद और गणमान्य लोग मौजूद थे।
तीन नए मंत्रियों के शपथ लेने के बाद विष्णुदेव साय मंत्रिपरिषद में अब मंत्रियों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। इससे पहले अभी तक मुख्यमंत्री के अलावे 12 मंत्री होते थे। 2004 में कुल विधायकों का 15 परसेंट मंत्रियों की संख्या का नियम आने के बाद छत्तीसगढ़ के 90 सदस्यीय विधायकों में से 12 मंत्री होते थे। मगर पिछले साल हरियाणा में 90 विधायकों में 13 मंत्री बनाए जाने के बाद छत्तीसगढ़ में भी इसकी मांग जोर पकड़ने लगी थी। बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व की हरी झंडी मिलने के बाद छत्तीसगढ़ में भी अब 13 मंत्री हो गए हैं।
राजेश अग्रवाल का प्रोफाइल (Rajesh Agarwal Biography)
सरगुजा जिले की अंबिकापुर सीट से भाजपा विधायक राजेश अग्रवाल ने इस बार बड़ा करिश्मा कर दिखाया। कांग्रेस छोड़ भाजपा में आए अग्रवाल ने अपने ही राजनीतिक गुरु और प्रदेश के डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव को पटखनी दे दी। हालांकि यह जीत बेहद रोमांचक रही क्योंकि वे सिर्फ 94 वोटों के अंतर से विजयी हुए। व्यवसायिक परिवार से ताल्लुक रखने वाले अग्रवाल मारवाड़ी समाज के लोकप्रिय चेहरा हैं। 2002 से राजनीति में सक्रिय अग्रवाल पहले उपसरपंच और फिर नगर पंचायत अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनके संघर्ष और ज़मीनी पकड़ ने ही उन्हें विधानसभा तक पहुंचाया। यहां क्लिक कर पढ़िए कंप्लीट बायोग्राफी...
गजेंद्र यादव का प्रोफाइल (Gajendra Yadav Biography)
दूसरे नए मंत्री बनने जा रहे हैं गजेंद्र यादव, जिन्होंने दुर्ग शहर से चुनाव लड़ा और कांग्रेस के दिग्गज नेता अरुण वोरा को शिकस्त दी। अरुण वोरा न सिर्फ सीटिंग MLA थे बल्कि पूर्व मुख्यमंत्री मोतीलाल वोरा के बेटे भी हैं। गजेंद्र यादव ने शानदार जनसंपर्क और साफ-सुथरी छवि के बल पर जनता का भरोसा जीता और 48,697 वोटों के भारी अंतर से जीत हासिल की। वे आरएसएस से जुड़े रहे हैं और भाजपा संगठन में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा चुके हैं। यहां क्लिक कर पढ़िए कंप्लीट बायोग्राफी...
खुशवंत साहेब का प्रोफाइल (Khushwant Saheb Biography)
आरंग से विधायक खुशवंत साहेब तीसरे चेहरे हैं, जिन्हें मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। उन्होंने कांग्रेस के कद्दावर मंत्री शिव डहरिया को मात देकर राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी थी। 37 वर्षीय साहेब सतनामी समाज के धर्मगुरु गुरु बलदास गोसाई के बेटे हैं। समाज में उनकी गहरी पकड़ और सक्रियता ने ही उन्हें चुनाव में बढ़त दिलाई। उन्होंने 16,538 वोटों से यह ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इन विधायकों को मंत्री पद देकर भाजपा ने एक तीर से कई निशाने साधे हैं, क्षेत्रीय संतुलन, जातीय समीकरण और नए चेहरों को बढ़ावा। यहां क्लिक कर पढ़िए कंप्लीट बायोग्राफी...
