Begin typing your search above and press return to search.

CG Crime News: बॉयफ्रेंड ने गर्ल फ्रेंड को जलाया जिंदा: मां ने कहा- होटल में दोनों के बीच झगड़ा हुआ था, झगड़े के बाद बेटी को जिंदा जला दिया

CG Crime News: मां ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा, बेटी को उसके बॉयफ्रेंड ने होटल में जिंदा जला दिया है। दोनों के बीच होटल में झगड़ा हुआ था। झगड़े के बीच बॉयफ्रेंड ने इस घटना को अंजाम दिया है।

CG Crime News: बॉयफ्रेंड ने गर्ल फ्रेंड को जलाया जिंदा: मां ने कहा- होटल में दोनों के बीच झगड़ा हुआ था, झगड़े के बाद बेटी को जिंदा जला दिया
X

इमेज सोर्स- NPG News

By Radhakishan Sharma

15 February 2026|सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में मां ने अपनी बेटी को जिंदा जलाने का सनसनीखेज आरोप उसके बॉयफ्रेंड पर लगाया है। यह भी आरोप है कि घटना के बाद बॉयफ्रेंड के दोस्तों ने युवती को घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में आठ दिनों तक चले इलाज के बाद उसकी मौत हो गई।

मृतक युवती की मां ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आदिवासी होने के कारण दबाव बनाया जा रहा है। किसी तरह से कार्रवाई करने से पुलिस इंकार कर रही है। ऐसे में उन्होंने मुख्यमंत्री से न्याय की मांग की है।

मामला सक्ती थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, गर्लफ्रेंड का नाम दिशा मरावी (23) है, वार्ड नंबर-11 झूलकदम की रहने वाली थी। बॉयफ्रेंड का नाम योगेन्द्र साहू है, वह सकरेली कला का रहने वाला है। आरोप है कि योगेंद्र ने तारपीन डालकर दिशा को आग के हवाले कर दिया। आगजनी की घटना के बाद योगेंद्र के दोस्त ने गंभीर रूप से घायल दिशा को अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद घटना की जानकारी युवती की मां को दी। हालांकि, इस मामले में अब तक किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

क्या है पूरा मामला

दिशा मरावी कॉलेज में पढ़ाई करती थी, मां मीना मरावी सरकारी स्कूल में लेक्चरर है। 2008 में पति से तलाक के बाद मां-बेटी अलग रहने लगी। दिशा और सब्जी व्यापारी योगेंद्र साहू के बीच प्रेम संबंध था। मां मीना मरावी के अनुसार, 24 जनवरी 2026 की दोपहर करीब 1:40 बजे मीना मरावी को एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने बताया कि दिशा गंभीर रूप से जली हुई हालत में बिहान नर्सिंग होम में एडमिट है। मां अस्पताल पहुंची। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद दिशा को बेहतर उपचार के लिए बिलासपुर रेफर किया। दिशा को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान 1 फरवरी को उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद बिलासपुर के तारबाहर थाना में शून्य में केस दर्ज किया गया। इसके बाद पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की गई। हालांकि, अभी तक केस डायरी और रिपोर्ट सक्ती पुलिस को नहीं सौंपी गई है।

मां ने लगाया आरोप

मीना मरावी ने आरोप लगाया है कि योगेन्द्र कुमार साहू ने दिशा को होटल में बुलाया। वहां तारपीन तेल छिड़ककर उसे आग लगा दी। घटना में महेन्द्र कुमार सिदार और आशीष पटेल की संलिप्तता का भी आरोप लगाया है। मीना मरावी के अनुसार अस्पताल ले जाते समय दिशा ने बताया था कि उसे बाराद्वार रोड स्थित होटल में बुलाया गया था। वहां विवाद के बाद उसके साथ मारपीट की गई और फिर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी गई। मां ने आरोप लगाया है कि कथित घटनास्थल पर मौजूद कर्मचारियों और संभावित प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। उन्होंने CCTV फुटेज की जांच पर भी सवाल उठाए हैं।

SDOP, सक्ती भुनेश्वरी पैंकरा ने बताया, युवती की मां ने सक्ती थाने में शिकायती आवेदन दिया है। जिसकी जांच की जा रही है। बिलासपुर के तारबाहर थाने से केस डायरी आने के बाद आगे की जांच की जाएगी। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Radhakishan Sharma

राधाकिशन शर्मा: शिक्षा: बीएससी, एमए राजनीति शास्त्र व हिन्दी साहित्य में मास्टर डिग्री, वर्ष 1998 से देशबंधु से पत्रकारिता की शुरुआत। हरिभूमि व दैनिक भास्कर में बतौर सिटी रिपोर्टर काम किया। 2007 से जुलाई 2024 तक नईदुनिया में डिप्टी न्यूज एडिटर व सिटी चीफ के पद पर कार्य का लंबा अनुभव। 1 अगस्त 2024 से एनपीजी न्यूज में कार्यरत।

Read MoreRead Less

Next Story