Begin typing your search above and press return to search.

विधायकों की अहम बैठकः राज्यसभा चुनाव के लिए दिल्ली से बी फार्म आया, कांग्रेस ने कल विधायकों को रायपुर बुलाया

CG Congress: छत्तीसगढ़ कांग्रेस में राज्यसभा चुनाव के लिए सरगर्मी तेज हो गई है। होलिकादहन के दूसरे दिन कांग्रेस विधायकों को रायपुर बुला लिया गया है। साफ है कि राज्यसभा उम्मीदवार की घोषणा कभी भी की जा सकती है।

विधायकों की अहम बैठकः राज्यसभा चुनाव के लिए दिल्ली से बी फार्म आया, कांग्रेस ने कल विधायकों को रायपुर बुलाया
X

इमेज सोर्स- गूगल, एडिट बाय- NPG News

By Anjali Vaishnav

रायपुर। 2 मार्च 2026| छत्तीसगढ़ में राज्यसभा के रिक्त दो सीटों में से एक पर कांग्रेस का राज्य सभा सदस्य जाना तय है। नामांकन दाखिले की आखिरी तारीख पांच मार्च है। चार मार्च को होली है, इससे पहले तीन मार्च को कांग्रेस ने सभी विधायकों को रायपुर पहुंचने को कहा है। इससे पहले कांग्रेस को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी से बी फार्म प्राप्त हो चुका है, जिसे नामांकन के साथ जमा किया जाना अनिवार्य होता है, ताकि पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी की पुष्टि हो सके।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि बी फार्म के साथ नामांकन के चार सेट तैयार किए जाने हैं और इसमें प्रस्तावक के रूप में विधायकों के हस्ताक्षर होते हैं। इस कारण होलिकादहन में शामिल होने अपने गृह क्षेत्र गए विधायकों को तीन मार्च को रायपुर पहुंचने को कहा गया है। तीन मार्च को नामांकन पर हस्ताक्षर कर सभी लौट जाएंगे। पार्टी में इस बात पर भी चर्चा हो रही है कि क्या तीन मार्च को ही नामांकन दाखिल कर दिया जाए, पर इस पर सहमति नहीं बन पा रही है। ऐसे में पांच मार्च को ही नामांकन जमा होने की संभावना है।

दूसरी ओर राज्यसभा प्रत्याशी के लिए रायपुर से दिल्ली तक हलचल तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी दिल्ली में थे, जो लौट चुके। इस बीच पार्टी में संकेत मिल रहा है कि सोमवार रात या मंगलवार को प्रत्याशी की घोषणा कर दी जाएगी। प्रत्याशी स्थानीय होने की उम्मीद प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं को है। इस पर प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट की सभी दिग्गज नेताओं से बातचीत चल रही है, नामों पर विचार चल रहा है। बड़े नेताओं भूपेश बघेल, चरणदास महंत और टीएस सिंहदेव के नामों पर तस्वीर अभी तक साफ नहीं हो सकी है। उधर आदिवासी नेता के रूप में दीपक बैज, मोहन मरकाम और अमरजीत भगत का भी नाम चल रहा है। ओबीसी के रूप में किरणमयी नायक और एससी के लिए शिव डहरिया का नाम तैर रहा है। प्रदेश के नेता चाहते हैं कि उम्मीदवार स्थानीय होना चाहिए और उसी हिसाब से नामों के दावेदार भी सामने आ रहे हैं। कांग्रेस के कुछ विधायकों ने बैठक में बाहरी प्रत्याशी का विरोध भी किया है और तर्क दिया था कि इससे पार्टी को नुकसान ही होता है। एक बड़े नेता का कहना है कि स्थानीय कांग्रेसी को राज्यसभा भेजे जाने से कार्यकर्ताओं में भी उत्साह होता है, इसके बाद भी आलाकमान के निर्देश का इंतजार करना ही होगा। यदि ऊपर से किसी दूसरे राज्य से प्रत्याशी का नाम आता है तो उस पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस को मुहर लगानी की मजबूरी रहेगी। दो दिनों से उम्मीदवारों के नामों की अटकलें तेज हो गई हैं और यदि आज आलाकमान से निर्देश आता है तो रात तक उम्मीदवार की घोषणा कर दी जाएगी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के बी फार्म में सारी औपचारिकता पूरी कर दी गई है, केवल प्रत्याशी का नाम भरना शेष है।

छत्तीसगढ़ से राज्य सभा सदस्य केटीएस तुलसी और फूलोदेवी नेताम का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, इसी दोनों सीट पर नामांकन भराया जा रहा है। पांच मार्च को नामांकन भरने के बाद अगले दिन नामांकन पत्रों की जांच होगी। दोनों सीटों पर भाजपा और कांग्रेस से एक- एक प्रत्याशी होने पर इसी दिन भावी राज्य सभा सदस्य का नाम फाइनल हो जाएगा और मतदान की नौबत नहीं आएगी। नामांकन वापसी की तारीख 9 मार्च, सोमवार रखी गई है। एक से अधिक प्रत्याशी होने पर 16 मार्च, सोमवार को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। इसके तत्काल बाद शाम पांच बजे वोटों की गिनती होगी।

Anjali Vaishnav

अंजली वैष्णव मैंने छत्तीसगढ़ के कल्याण कॉलेज भिलाई से बैचलर ऑफ जर्नलिज्म करने के बाद रायपुर कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय में M.sc Electronic Media की पढ़ाई की. इस दौरान मैने 2021 से TCP News, फिर TV 24 MPCG में बतौर कंटेट राइटर और बुलेटिन प्रोड्यूसर का कार्य किया, वर्तमान में मैं NPG.NEWS में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं, कंटेंट राइटिंग के साथ मुझे रिपोर्टिंग करना पसंद है.

Read MoreRead Less

Next Story