CG में चाकूबाजी से सनसनी: कांग्रेस नेता के बेटे पर जानलेवा हमला, निजी अस्पताल में चल रहा इलाज
CG Crime News: मामूली कहासुनी अचानक विवाद में बदल गई और धक्का-मुक्की के बीच हमलावरों ने कांग्रेस नेता के बेटे पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है.

इमेज सोर्स- गूगल, एडिट बाय- NPG News
बिलासपुर। 21 फरवरी 2026| मामूली कहासुनी अचानक विवाद में बदल गई और धक्का-मुक्की के बीच हमलावरों ने कांग्रेस नेता के बेटे पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है।
मारपीट और चाकूबाजी की यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के स्व लखीराम अग्रवाल आडिटोरियम के पास की है। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। सार्वजनिक और व्यस्त इलाके में हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है।
जानिए क्यों हुआ विवाद?
शुक्रवार शाम कांग्रेस नेता त्रिलोक श्रीवास का बेटा आदित्य श्रीवास अपने दो दोस्तों के साथ भेल खाने स्व लखीराम अग्रवाल ऑडिटाेरियम के पास गया था। वहां पहले से युग मिश्रा, वेदांत गुप्ता, निखिल नागवानी एक अन्य साथी के साथ भेल खा रहे थे। युग व वेदांत मौके पर आदित्य व उसके दोस्तों को देख गाली-गलौज करने लगे। विवाद बढ़ने पर एक युक्क ने चाकू निकाल कर हमला शुरू कर दिया। इससे आदित्य श्रीवास व उसके दोनों दोस्तों को चोट आई। उसे तत्काल युवकों ने अस्पताल में भर्ती कराया और घर वालों को सूचना दी।
पुरानी रंजिश और विवाद ने लिया बड़ा रूप
बताया जा रहा है, आदित्य और उसके दोस्तों का युग व वेदांत गुट से विवाद हुआ था। दोनों पहले कोनी में फिर कुछ दिनों बाद राजेंद्र चौक में भिड़े गए थे। दोनों बार मामला गाली-गलौज और मारपीट तक ही रहा। लेकिन, तीसरी बार उनका विवाद खूनी संघर्ष तक पहुंच गया। पुरानी रंजिश और विवाद ने अब बड़ा रूप ले लिया है। चाकूबाजी की इस घटना से आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है।
NPG एक्सप्लेनर
छत्तीसगढ़ बिलासपुर में खुलेआम खतरनाक चाकुओं की बिक्री के चलते बिलासपुर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी थी। विशेषकर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स (मिशो, फ्लिपकार्ट) और स्थानीय दुकानों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया गया था। 2023-2025 के बीच सैकड़ों मामले दर्ज कर 200 से अधिक चाकू जब्त किए गए हैं, जिसमें ई-कॉमर्स के जरिए हो रही सप्लाई पर भी नकेल कसा गया था।
पान दुकानों, जनरल स्टोर्स और गिफ़्ट शॉप में आसानी से चाकू मिल रहे हैं, चाकूबाजी की बढ़ती घटना को देखते हुए बिलासपुर हाई कोर्ट ने भी इसका संज्ञान लिया है। हाई कोर्ट के निर्देश के बाद पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत सैकड़ों केस दर्ज किए हैं, और 2 लगातार छापेमारी कर चाकू बरामद की थी। ई कॉमर्स साइट पर भी पुलिस लगातार निगरानी रख रही है।
