Begin typing your search above and press return to search.

CG में जिंदा जल गई महिला: फ्रिज में ब्लास्ट से मकान में लगी आग, जानिए कब और कैसे हुई ये घटना

CG News: छत्तीसगढ़ बिलासपुर में रविवार देर रात फ्रिज ब्लास्ट होने से मकान में आग लग गई। आग लगने से महिला की मौत हो गई है।

cg news
X

npg.news

By Radhakishan Sharma

बिलासपुर 16 मार्च 2026, छत्तीसगढ़ बिलासपुर में रविवार देर रात एक भयावह घटना घटी। फ्रिज ब्लास्ट होने से मकान में आग लग गई। आग की चपेट में आने से एक महिला जिंदा जल गई। आग की लपटें इतनी तेज थी बुजुर्ग महिला को घर से बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला। घटना के समय महिला घर में अकेली थी। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है।

महिला का नाम जया अग्रवाल (57) है, जो लिंगियाडीह स्थित साईं मंदिर के पीछे रहती थीं। कुछ दिनों पहले उसके भाई की मौत हुई थी। फ्रिज में ब्लास्ट होते ही पूरा इलाका दहल उठा। धमाके की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए। आसपास के लोगों ने घर में लगी आग बुझाने की कोशिश भी की। इसके बाद दमकल टीम मौके पर पहुंची, तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक अंदर मौजूद महिला की मौत हो चुकी थी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्चुरी में रखवाया गया है। आज पीएम होगा।

पढ़िए कैसे घटी घटना

जया अग्रवाल अपने मुंहबोले वकील भाई के साथ लिंगियाडीह स्थित सांई मंदिर के पीछे रहती थी, उनका परिवार बेंगलुरु में रहता है। रविवार देर रात अचानक फ्रिज में ब्लास्ट हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घबरा गए और घरों से बाहर निकल आए।

लोगों ने देखा कि गली के एक मकान में आग लगी हुई है। स्थानीय लोगों ने पार्षद दिलीप पाटिल की मदद से बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने की कोशिश शुरू की। साथ ही पुलिस और दमकल टीम को घटना की सूचना दी गई।

पुलिस जब मौके पर पहुंची, तब मकान में आग लगी हुई थी। मशक्कत के बाद पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों और दमकल की मदद से आग पर काबू पाया। इसके बाद घर के अंदर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बुजुर्ग महिला बुरी तरह झुलसी हालत में मिली। महिला की मौत हो चुकी थी।जांच के दौरान सामने आया कि फ्रिज ब्लास्ट होने के कारण हादसा हुआ है।

मुंहबोले भाई के साथ रहती थी महिला

पार्षद दिलीप पाटिल ने बताया, लिंगियाडीह में जया अग्रवाल अपने मुंहबोले वकील भाई के साथ रहती थी। घटना के समय महिला घर में अकेली थी। फ्रिज में ब्लास्ट के बाद आग तेजी से पूरे मकान में फैल गई। आशंका है कि महिला आग की लपटों में घिर गई होगी, इसलिए बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया।

कुछ दिन पहले ही भाई की हुई थी मौत

महिला के मुंहबोले भाई की कुछ दिन पहले तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया था। बाद में परिजन बेहतर इलाज के लिए उसे बेंगलुरु ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

टीआई प्रदीप आर्य ने बताया कि लिंगियाडीह स्थित सांई मंदिर के पीछे एक मकान में ब्लॉस्ट होने की जानकारी मिली थी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, स्थानीय और दमकल टीम के साथ आग पर काबू पाया। तलाशी के दौरान बुजुर्ग महिला की लाश मिली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Radhakishan Sharma

राधाकिशन शर्मा: शिक्षा: बीएससी, एमए राजनीति शास्त्र व हिन्दी साहित्य में मास्टर डिग्री, वर्ष 1998 से देशबंधु से पत्रकारिता की शुरुआत। हरिभूमि व दैनिक भास्कर में बतौर सिटी रिपोर्टर काम किया। 2007 से जुलाई 2024 तक नईदुनिया में डिप्टी न्यूज एडिटर व सिटी चीफ के पद पर कार्य का लंबा अनुभव। 1 अगस्त 2024 से एनपीजी न्यूज में कार्यरत।

Read MoreRead Less

Next Story