बिलासपुर एयरपोर्ट से रात्रि विमान सेवा की शुरु हुई उल्टी गिनती, विमानन कंपनी के प्रस्ताव को मंजूरी मिली तो इस दिन से रात में शुरू होगी विमान सेवा
CG Airlines News: छत्तीसगढ़ बिलासपुर एयरपोर्ट से निजी विमानन कंपनी अलायंस एयर द्वारा हवाई सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। बीते दिनों मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजकीय विमान से उड़ान भरकर नाइट लैंडिंग सुविधा की शुरुआत की है। विमानन कंपनी ने डीजीसीए को प्रस्ताव भेजा है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने की स्थिति में 15 अप्रैल से अंचलवासियों को रात्रि में उड़ान भरने की सुविधा मिलने लगेगी।

इमेज सोर्स- NPG News
बिलासपुर।3 अप्रैल 2026| छत्तीसगढ़ बिलासपुर एयरपोर्ट से निजी विमानन कंपनी अलायंस एयर द्वारा हवाई सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। बीते दिनों मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजकीय विमान से उड़ान भरकर नाइट लैंडिंग सुविधा की शुरुआत की है। विमानन कंपनी ने डीजीसीए को प्रस्ताव भेजा है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने की स्थिति में 15 अप्रैल से अंचलवासियों को रात्रि में उड़ान भरने की सुविधा मिलने लगेगी।
निजी विमानन कंपनी अलायंस एयर ने बिलासपुर एयरपोर्ट में विमानों की नाइट लैंडिंग के लिए डीजीसीए को नए रनवे प्रोसीजर डायग्राम भेजा है। नया डायग्राम मंजूर हुआ तो रनवे के बचे हिस्से 1440 मीटर में ही एटीआर 72 विमान नाइट लैंडिंग करेगा। अगर ऐसा हुआ तो अंचलवासियों को 15 अप्रैल से आगे के शेड्यूल में देर शाम या रात में दिल्ली या प्रयागराज हवाई यात्रा की सुविधा मिलने लगेगी।
हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने जानकारी देते हुए बताया,अलांयस ने बिलासपुर एयरपोर्ट पर विमानों की नाइट लैंडिंग के लिए अपने रनवे प्रोसीजर डायग्राम में संशोधन की मांग की है। वर्तमान में अलायंस का रनवे डायग्राम 1490 मीटर, रनवे उपयोग की इजाजत देता है, परंतु नाइट लैंडिंग लाइसेंस के अनुसार अब अंतिम 50 मीटर में रेसा, यानी रनवे एंडिंग सिक्योरिटी एरिया घोषित होने के बाद केवल 1440 मीटर ही लैंडिंग और टेक ऑफ के लिए उपलब्ध है।
अलायंस एयर कंपनी को यह अनुमति एक-दो दिन में मिल जाती है, तब ऐसी स्थिति में15 अप्रैल से आगे के शेड्यूल में जो अभी जारी नहीं हुआ है, रात के समय चलने वाली उड़ानों को शामिल किया जा सकता है। समिति ने बताया, गर्मी के समय में 40 डिग्री से अधिक तापमान होने पर वैसे भी बिलासपुर से एटीआर 72 विमान फुल लोड में टेक ऑफ नहीं कर पाता और विमान में यात्रियों की संख्या 72 से घटकर 52 तक कर दी जाती है। इससे न केवल विमानन कंपनी को नुकसान होता है, साथ ही यात्रियों को किराया के रुप में अतिरिक्त शुल्क देना पड़ता है। बिलासपुर से रात या देर शाम को विमान सेवा का संचालन किया जाता है, तब ऐसी स्थिति में यात्रियों को विमान की पूरी क्षमता का लाभ मिलेगा।
