छत्तीसगढ़ में पहियों पर सवार बदलाव, मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा से बदलता ग्रामीण छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बार बार यह स्पष्ट कर चुके हैं कि विकास का वास्तविक अर्थ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच है। ग्रामीण बस सेवा इसी विचार को धरातल पर उतारने का प्रयास है। पहाड़ी और दूरस्थ गांवों तक पहुंचने वाली ये बसें केवल यात्री नहीं ले जातीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक जुड़ाव के अवसर भी साथ लेकर आती हैं

रायपुर। घने जंगलों, पहाड़ियों और आदिवासी संस्कृति से समृद्ध छत्तीसगढ़ के दूरस्थ इलाकों में वर्षों तक सबसे बड़ी चुनौती परिवहन की रही। कई गांव सड़क बनने के बाद भी सार्वजनिक बस सेवा से वंचित थे। परिणामस्वरूप शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मूल अवसरों तक पहुंच सीमित बनी रहती थी। अब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शुरू की गई मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा परिवहन योजना इस स्थिति को बदलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।
यह योजना उस सोच का परिणाम है जिसमें विकास को केवल शहरों तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि उसे राज्य के अंतिम गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है। 4 अक्टूबर 2025 को बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर से इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत हुई। कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति ने इस पहल को विशेष महत्व प्रदान किया। योजना के पहले चरण में 34 बसों को 34 अलग अलग मार्गों पर संचालित किया गया। इससे लगभग 250 गांव पहली बार नियमित बस सेवा से जुड़े। यह शुरुआत केवल औपचारिक नहीं थी, बल्कि उन क्षेत्रों के लिए ऐतिहासिक क्षण था जहां लोगों को अब तक पैदल या निजी साधनों के भरोसे लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बार बार यह स्पष्ट कर चुके हैं कि विकास का वास्तविक अर्थ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच है। ग्रामीण बस सेवा इसी विचार को धरातल पर उतारने का प्रयास है। पहाड़ी और दूरस्थ गांवों तक पहुंचने वाली ये बसें केवल यात्री नहीं ले जातीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक जुड़ाव के अवसर भी साथ लेकर आती हैं। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा ने यह सिद्ध किया है कि यदि नीति स्पष्ट हो और नेतृत्व प्रतिबद्ध हो तो दुर्गम क्षेत्रों तक भी विकास की राह बनाई जा सकती है। आने वाले वर्षों में जब बसों का यह नेटवर्क और विस्तृत होगा, तब छत्तीसगढ़ के ग्रामीण अंचलों में परिवर्तन की यह यात्रा और अधिक मजबूत दिखाई देगी।
बस्तर के गांवों में नई उम्मीद
10 दिसंबर 2025 को योजना के दूसरे चरण की शुरुआत हुई जिसमें 24 नई बसों को 23 अतिरिक्त मार्गों पर उतारा गया। इससे करीब 180 और गांवों तक बस सेवा पहुंच गई। जनवरी 2026 तक कुल 57 मार्गों पर बस संचालन शुरू हो चुका था और 330 से अधिक गांव इस सेवा से लाभान्वित होने लगे। राज्य सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 तक 200 बसों के संचालन का लक्ष्य तय किया है, जिससे ग्रामीण परिवहन नेटवर्क और मजबूत होगा। बस्तर जिले के गोंडियापाल से संभाग मुख्यालय तक शुरू हुई सीधी बस सेवा ने ग्रामीण जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। यह मार्ग चेराकुर, कुंगारपाल, बाकेल, फरसागुड़ा और भानपुरी होते हुए संचालित हो रहा है। अब ग्रामीणों को बाजार, अस्पताल, कॉलेज और प्रशासनिक कार्यालयों तक पहुंचने के लिए कठिन यात्रा नहीं करनी पड़ती। जिला प्रशासन भी नई सड़कों पर बस संचालन सुनिश्चित करने की दिशा में सक्रिय है।
शिक्षा और स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव
ग्रामीण बस सेवा का सबसे बड़ा असर शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में दिखाई दे रहा है। छात्रों की स्कूल और कॉलेज में उपस्थिति बढ़ी है तथा पढ़ाई बीच में छोड़ने की प्रवृत्ति में कमी आई है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए जिला मुख्यालय तक पहुंच आसान हो गई है। स्वास्थ्य सेवाओं के संदर्भ में भी यह बदलाव महत्वपूर्ण है। अब मरीज समय पर अस्पताल पहुंच पा रहे हैं और गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित परिवहन उपलब्ध हो रहा है।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिल रही गति
बस सेवा ने स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई ऊर्जा दी है। किसान अपनी उपज आसानी से मंडियों तक पहुंचा पा रहे हैं। छोटे व्यापारी अपने उत्पादों को बाजार तक ले जा पा रहे हैं। साथ ही ड्राइवर और कंडक्टर जैसे रोजगार के अवसर भी स्थानीय युवाओं को मिल रहे हैं। गांव और शहर के बीच की दूरी अब केवल भौगोलिक नहीं रही, बल्कि आर्थिक रूप से भी कम होने लगी है। नक्सल प्रभावित इलाकों में बस सेवा का संचालन केवल परिवहन सुविधा नहीं बल्कि विश्वास का संदेश भी है। बड़ेसट्टी पंचायत जैसे क्षेत्रों में बस सेवा शुरू होने से प्रशासन और ग्रामीणों के बीच संवाद मजबूत हुआ है। विकास कार्यों के साथ यह सुविधा सामाजिक विश्वास को भी गहरा कर रही है।
बलरामपुर में मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा से बदली ग्रामीण परिवहन की तस्वीर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा योजना ने ग्रामीण अंचलों में परिवहन व्यवस्था को एक नई दिशा दी है। दूरस्थ और दुर्गम गांवों को जिला एवं विकासखंड मुख्यालय से जोड़ने वाली 6 नई बस सेवाओं की शुरुआत ने ग्रामीणों में नई उम्मीद जगाई है।
पहले की स्थिति में कई गांव ऐसे थे जहाँ नियमित परिवहन सुविधा उपलब्ध नहीं थी। विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए लंबी दूरी पैदल या महंगे निजी साधनों से तय करनी पड़ती थी। किसानों और व्यापारियों को अपने उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में कठिनाई होती थी। लेकिन नई बस सेवाओं के संचालन से ग्रामीणों को सुरक्षित, सुलभ और किफायती परिवहन सुविधा मिल रही है। विद्यार्थी अब समय पर स्कूल और कॉलेज पहुंच पा रहे हैं। किसान अपनी उपज सीधे बाजार तक ले जा पा रहे हैं। श्रमिकों और व्यापारियों के लिए रोजगार के अवसर बढ़े हैं। राजपुर, रामानुजगंज, शंकरगढ़, वाड्रफनगर सहित अनेक गांव अब सीधे बस सेवा से जुड़ गए हैं। इससे ग्रामीणों के समय की बचत हो रही है, साथ ही आर्थिक व्यय में भी कमी आई है। ग्रामीणों का कहना है कि इस योजना के माध्यम से उन्हें निजी वाहनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता और यात्रा पहले से अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक हो गई है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा योजना ने गांव और शहर के बीच की दूरी कम कर सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों को नई गति दी है। जो समावेशी विकास की दिशा में एक मजबूत कदम है और ग्रामीण क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दे रही है।
सरगुजा में दूरस्थ अंचलों में मुख्यमंत्री ग्रामीण बस की पहुंच से राह हुई आसान
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना का उद्देश्य सुदूर वनांचल, विशेषकर बस्तर और सरगुजा क्षेत्रों में, ग्रामीणों को सुलभ और सुरक्षित परिवहन प्रदान करना है। इस योजना के माध्यम से दूरस्थ गांवों को जिला मुख्यालयों, स्कूलों, अस्पतालों और रेलवे स्टेशनों से जोड़ा जा रहा है।
दूरस्थ अंचलों में मुख्यमंत्री ग्रामीण बस की पहुंच से राह हुई आसान
मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना न केवल सड़कों पर दौड़ रही है, बल्कि यह ग्रामीणों के समय, सुविधा और सपनों को सहेजने का माध्यम बन गई है। सरगुजा जिले के बादा से बरियों, चारपारा, ककना, सिधमा, अखोराखुर्द, रूखपुर, चिखलाडीह, नर्मदापारा, सरगवां और अम्बिकापुर तक बस सेवा शुरू होने से ग्रामीणों में भारी उत्साह है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की दूरगामी सोच और संवेदनशीलता का परिणाम है कि आज सरगुजा जिले के उन दूरस्थ अंचलों में भी विकास की गूंज सुनाई दे रही है, जहां कभी परिवहन एक बड़ी चुनौती थी।
सुगम हुआ सफर, समय की हुई बचत
शहरी स्वास्थ्य अस्पताल में कार्यरत परमानिया पैकरा ने अपनी खुशी साझा करते हुए बताया कि इस मार्ग पर यह पहली बस सेवा है। उन्होंने कहा कि, पहले ड्यूटी पर समय से पहुंचना और फिर सुरक्षित घर वापस आना एक बड़ी चिंता होती थी। लेकिन जब से यह बस शुरू हुई है, हमें बहुत सुविधा मिल रही है। अब हम समय पर अस्पताल पहुंचते हैं और वक्त पर घर भी लौट आते हैं। इसी तरह स्वास्थ्य कर्मी चंदा टोप्पो ने बताया कि बांदा क्षेत्र से होने के कारण पहले आवागमन के साधन न के बराबर थे। बस सेवा शुरू होने से अब उनकी पेशेवर जिंदगी आसान हो गई है और इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का तहे दिल से आभार व्यक्त किया है।
वरदान साबित हो रही बस सेवा विद्यार्थियों के लिए
विद्यार्थियों के जीवन में इस योजना से क्रांतिकारी बदलाव लेकर आई है। पुष्पेंद्र कॉलेज ऑफ नर्सिंग की फाइनल ईयर की छात्रा लक्ष्मी कहती हैं कि पहले मुझे बस पकड़ने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती थी, लेकिन अब बस मेरे घर के सामने से ही गुजरती है। इससे मैं पढ़ाई के लिए बहुत सहज महसूस करती हूँ। वहीं पीजी कॉलेज की छात्रा निशा ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि पहले उसे बस पकड़ने के लिए 5 किलोमीटर पैदल चलना पड़ता था। अब सिदमा गाँव से ही बस मिलने के कारण वह सीधे गाँधी चौक तक का सफर बिना किसी परेशानी के तय कर रही है।
पैदल चलने और लंबी दूरी की बाइक यात्रा से मिली मुक्ति
सरगुजा जिले के सिदमा गाँव के निवासी दिव्यांशु सिंह ने बताया कि बस सुविधा न होने के कारण उन्हें प्रतिदिन 5 किलोमीटर तक बाइक या पैदल सफर तय करना पड़ता था। दिव्यांशु कहते हैं कि अब गाँव से ही बस चलने लगी है, जिससे मैं अपने स्कूल समय पर पहुँच जाता हूँ। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को इस सराहनीय पहल के लिए आभार व्यक्त किया।
कोंडागांव जिले के 96 गांव बस सेवा से जुड़े
ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के अंतर्गत जिले में सोमवार को जिला कार्यालय परिसर से नगरपालिका के अध्यक्ष नरपति पटेल और कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने तीन बसों को हरी झंडी दिखाया। इस तरह से वर्तमान में अब जिले में मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत सात बसों का संचालन किया जा रहा है। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में निवासरत आमजन, किसान, मजदूर, छोटे व्यवसायी तथा छात्र-छात्राओं को जनपद एवं जिला मुख्यालय तक सुगम, नियमित एवं सुलभ परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में ग्रामीण अधोसंरचना और जनसुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उनका स्पष्ट विजन है कि दूरस्थ अंचलों में रहने वाले नागरिकों को भी शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और प्रशासनिक सेवाओं तक समान रूप से पहुंच मिले। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना इसी सोच का परिणाम है, जो ग्रामीण जीवन को सुगम बनाने और विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य कर रही है।
मार्गवार लाभान्वित गांवों का विवरण
कोंडागांव से मर्दापाल मार्ग (22 गांव)
कुम्हारपारा, जोधरापदर, उमरगांव, बुनागांव, कोकोड़ी, गंगामुंडा, छेरीबेडा, भातापाल, भुखल, चिमडी, चलकाएटेमरू, मुंगवाल, बयानार, आदनार, चेमा, घोटूल, मलनार, लखापुरी, नवागाँव, रानापाल सहित कुल 22 गांव इस मार्ग से जुड़ेंगे।
बहीगांव से विश्रामपुरी मार्ग (12 गांव)
ओरकीवाही, पीपरा, मांडोकीखरगाँव, मुण्डापारा, छोटे-राजपुर, बड़े-राजपुर, टेवसा, रामपुर, कोरगांव, विश्रामपुरी सहित 12 गांवों को नियमित बस सुविधा प्राप्त होगी।
कोंडागांव से कमेला मार्ग (6 गांव)
कोकोड़ी, कंजरी, शंकर नगर, बकोदागंडा, बड़ेकनेरा सहित 6 गांव इस मार्ग से लाभान्वित होंगे।
छत्तोड़ी से कोंडागांव मार्ग (17 गांव)
किरमारी, नेवरा, क्षमतापुर, बड़ेसोहंगा, बड़ागाँव, हिरलाभाठ, बीजापुर, अमरावती, मालेगांव, बुटरापारा, चिपावंड, मुलमुला, पीकरभाटा, नेवता, बफना, पलारी सहित 17 गांवों को सीधा लाभ मिलेगा।
कोनगुड़ से फरसगांव मार्ग (11 गांव)
कोनगुड़, बारदा, उरंदाबेडा , नेट, कोटपाड़, गोडमा, बड़ेडोंगर, बेलभाटा, आलोर, बैलगांव, फरसगांव इस सेवा से जुड़ेंगे।
भैंसाबेड़ा से केशकाल मार्ग (18 गांव)
भैंसाबेड़ा, अर्रा, कोरनहुर, सावलवाही, धुरेगांव, कावागांव, ईरागांव, तोडासी, कर्रारमेटा, बनियागांव, सवाला, बेलगांव, धनौरा, डुमरपदा, अरंडी, तेंदूभाठा, बेंडमा, केशकाल सहित 18 गांवों को लाभ मिलेगा।
कनपुर से कोंडागांव मार्ग (10 गांव)
कनपुर, मोहलाई, मुनगापदर, बोटीकनेरा, सोनाबाल, नगरी, मड़ानार, बम्हनी, संबलपुर, जामपदर, कोंडागांव इस मार्ग से जुड़ेंगे।
शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका को मिलेगी मजबूती
मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना केवल परिवहन सुविधा नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास की दिशा में एक व्यापक पहल है। इससे सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी और दूरस्थ अंचल विकास की मुख्यधारा से जुड़ेंगे। इस योजना के लागू होने से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा हेतु जिला मुख्यालय तक पहुंचने में सुविधा होगी। मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचने का अवसर मिलेगा। किसान एवं छोटे व्यापारी अपने उत्पादों को बाजार तक आसानी से ले जा सकेंगे। महिलाओं एवं बुजुर्गों के लिए भी सुरक्षित एवं नियमित परिवहन उपलब्ध होगा। सात बसों के संचालन से 96 गांवों में रहने वाली हजारों आबादी को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा, जिससे कोंडागांव जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में नई रफ्तार और विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।
