मुंबई 4 फरवरी 2021। कोरोना संकट से निपटने के लिए बीते साल लागू हुए लॉकडाउन के चलते बहुत से लोगों का घर बैठे-बैठे वजन बढ़ गया था, लेकिन एक्ट्रेस नेहा धूपिया ने इस वक्त खूब फायदा उठाया है। नेहा धूपिया का कहना है कि कोरोना काल के 8 महीनों में उन्होंने अपना वजन 21 किलो कम कर लिया है। नेहा धूपिया का कहना है कि नवंबर 2018 में जब उन्होंने बेटी मेहर को जन्म दिया तो उनका वजन करीब 25 किलो बढ़ गया था। इसके चलते उनका शरीर काफी मोटा दिखने लगा था और लोग उनका मजाक बनाते थे। इसके चलते वह काफी खराब महसूस करती थीं। नेहा धूपिया ने कहा कि उनके बढ़े वजन के चलते लोग कहते थे कि उनका करियर भी चौपट हो सकता है।
नेहा धूपिया ने एक वेबसाइट से बात करते हुए कहा, ‘जिंदगी बहुत खूबसूरत होती है, जब आप अंदर से खुश होते हैं। लेकिन तब आप बहुत अजीब फील करते हैं, जब आपका शरीर बहुत ज्यादा मोटा हो जाता है। ऐसे बहुत कम लोग ही होते हैं, जिनका प्रेगनेंसी के बाद भी ज्यादा वजन न बढ़े। मेरा वजन 23 से 25 किलो तक बढ़ गया था।’
नेहा धूपिया ने कहा कि लोग मेरे बढ़े हुए वजन को लेकर तंज कसते थे कि अब आपकी जिंदगी और करियर ठहर जाएगा। नेहा धूपिया ने कहा कि मैंने कभी लोगों की टिप्पणियों को नकारात्मकता के साथ नहीं लिया। उन्होंने कहा कि मैं लगातार प्रयास करती रही। नेहा धूपिया ने कहा, ‘लॉकडाउन के दौरान मैंने जो किया, वह यह था कि लोगों की टिप्पणियों से परेशान हुए बिना कोशिश करती रही और कोरोना काल के 8 महीनों में अपना वजन 21 किलो कम कर लिया।’