PocketTerm35: Raspberry Pi 5 की पावर के साथ आया नया हैंडहेल्ड Linux PC, कोडिंग लिए है बेस्ट
PocketTerm35 Handheld Linux PC: Raspberry Pi 5 की पावर वाला नया PocketTerm35 हैंडहेल्ड Linux PC लॉन्च हो गया है। कोडिंग और गेमिंग के लिए बने इस पोर्टेबल डिवाइस में 3.5-इंच की डिस्प्ले, QWERTY कीबोर्ड और 5000mAh लिथियम बैटरी का सपोर्ट मिलता है।
Image Source: waveshare.com | Edited By: NPG News
PocketTerm35 Handheld Linux PC: डेवलपर्स और टेक के शौकीनों के लिए एक नया गैजेट बाजार में आया है, जिसका नाम PocketTerm35 है। दरअसल, यह एक छोटा हैंडहेल्ड कंप्यूटर है जो Linux ऑपरेटिंग सिस्टम पर चलता है। इसे खास तौर पर उन लोगों के लिए बनाया गया है जो सफर के दौरान कोडिंग या सर्वर से जुड़े काम करना चाहते हैं।
Raspberry Pi 5 से मिलेगी पावर
इस डिवाइस की सबसे अहम बात यह है कि इसमें Raspberry Pi 5 बोर्ड का इस्तेमाल किया गया है। लेकिन, जो लोग थोड़ा कम बजट देख रहे हैं, उनके लिए Raspberry Pi 4 वाला वेरिएंट भी उपलब्ध है। Pi 5 मॉडल में 1GB RAM और 64GB स्टोरेज मिलती है, जबकि Pi 4 मॉडल 2GB RAM के साथ आता है।
डिस्प्ले और डिजाइन
PocketTerm35 में 3.5 इंच की छोटी IPS डिस्प्ले दी गई है। स्क्रीन की सुरक्षा के लिए इस पर मजबूत कांच (6H हार्डनेस) लगाया गया है, जो रोज के इस्तेमाल में होने वाली खरोंचों से इसे बचाता है। यह टचस्क्रीन 5-पॉइंट टच सपोर्ट के साथ आती है, जिससे इसे इस्तेमाल करना आसान हो जाता है।
इसकी बनावट की बात करें तो सामने का हिस्सा एल्यूमीनियम से तैयार किया गया है, जबकि पीछे का हिस्सा प्लास्टिक (ABS) का है। यही वजह है कि यह दिखने में काफी प्रोफेशनल लगता है। कोडिंग के लिए इसमें 67 बटन वाला पूरा QWERTY कीबोर्ड दिया गया है, जो सिलिकॉन मटेरियल से बना है।
बैटरी और जरूरी पोर्ट्स
डिवाइस को पावर देने के लिए इसमें 5,000mAh की लिथियम बैटरी लगाने का विकल्प मिलता है। अब यूजर्स को इसे चलाने के लिए हर वक्त प्लग से जुड़कर रहने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसमें एक खास RP2040 चिप लगी है, जो कीबोर्ड और पावर को मैनेज करती है ताकि सिस्टम पर ज्यादा लोड न पड़े।
कनेक्टिविटी के लिए इसमें USB पोर्ट, ईथरनेट और चार्जिंग के लिए USB-C पोर्ट दिया गया है। गाने सुनने या ऑडियो काम के लिए 3.5mm जैक और एक छोटा स्पीकर भी मौजूद है। इसके अलावा, इसमें कोडिंग के साथ-साथ गेमिंग भी की जा सकती है क्योंकि यह 'RetroPie' को सपोर्ट करता है।
कीमत और कहां से खरीदें
अगर कीमत की बात करें तो Waveshare.com की वेबसाइट पर PocketTerm35 को $148.99 (लगभग 13,870 रुपये) की शुरुआती कीमत पर लिस्ट किया गया है। यूजर्स अपनी पसंद और जरूरत के हिसाब से अलग-अलग किट चुन सकते हैं। यह डिवाइस उन लोगों के लिए काम का साबित हो सकता है जिन्हें एक छोटे और पोर्टेबल कोडिंग सेटअप की तलाश है। फिलहाल इसकी सेल ग्लोबल वेबसाइट पर शुरू हो चुकी है।