‘तानाजी’ का ‘बॉक्स ऑफिस’ पर धमाका, कमाई का आंकड़ा 269 करोड़ के पार…

Update: 2020-02-13 07:25 GMT

मुंबई 13 फरवरी 2020। अजय देवगन (Ajay Devgn) की फिल्म ‘तानाजी: द अनसंग वॉरियर’ रिलीज के पांचवें हफ्ते में भी सिनेमाघरों में बनी हुई है। कुछ राज्यों में टैक्स फ्री होने की वजह से तानाजी ताबड़तोड़ बिजनेस कर रही है। फिल्म ने अब तक 269.25 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है।

12 फरवरी को फिल्म का कुल कलेक्शन करीबन 79 लाख के आसपास रहा। वहीं बुधवार को फिल्म ने 70 लाख का कलेक्शन किया है। पांचवें हफ्ते के पहले शुक्रवार को फिल्म ने 1.15 करोड़, शनिवार को 2.76 करोड़, रविवार को 3.45 करोड़, सोमवार को 88 लाख का कलेक्शन किया था। पांचवें हफ्ते के अंत तक फिल्म करीब 270 करोड़ रुपये कमा लेगी।

जिस तरह दर्शकों का प्यार इस फिल्म को मिल रहा है उससे तो यही लग रहा है कि वो दिन दूर नहीं जब यह फिल्म 300 करोड़ के क्लब में पहुंच जाएगी। फिल्म का कलेक्शन महाराष्ट्र से ज्यादा हो रहा है। हालांकि तानाजी कमाई के हिसाब से पहले ही हिट का दर्जा पा चुकी है। पांचवें हफ्ते में तानाजी की टक्कर मलंग और शिकारा से हुई।

‘तानाजी’ ने रिलीज के पहले हफ्ते में धुआंधार कलेक्शन करते हुए 118.91 करोड़ जुटा लिए थे। फिल्म ने दूसरे हफ्ते भी पकड़ बनाकर रखी और 78.54 करोड़ का बिजनेस किया था। फिल्म का कुल बजट 125 करोड़ है। इसका निर्देशन ओम राउत ने किया है। वहीं अजय देवगन और भूषण कुमार ने मिलकर फिल्म को प्रोड्यूस किया है।

तानाजी द अनसंग वॉरियर एक पीरियड ड्रामा है। इसमें अजय देवगन, काजोल और सैफ अली खान लीड रोल में हैं। फिल्म में अजय देवगन तानाजी बने हैं। काजोल ने तानाजी की पत्नी सावित्री बाई का किरदार निभाया है। हालांकि रिलीज के बाद सैफ ने उनके किरदार को लेकर कहा था कि इसके साथ छेड़छाड़ की गई है। जिसके बाद सैफ अली खान को ट्रोल किया गया था।

Tags:    

Similar News