Kiran Singhdeo: गुटीय सियासत के मोहरा तो नहीं बन गए किरण सिंहदेव, जानिये कैसे मंत्री पद की थाली सामने आकर खिसक गई...

Kiran Singhdeo: छत्तीसगढ़ के बीजेपी अध्यक्ष किरण सिंहदेव आखिरकार मंत्री नहीं बन पाए। अलबत्ता पार्टी ने उन्हें फिर से अध्यक्ष बना दिया। समर्थक हैरान हैं कि दो दिन पहले तक मंत्री बन रहे सिंहदेव को आखिर क्यों फिर से अध्यक्ष पद स्वीकार करना पड़ा, जिसे वे खुद छोड़ना चाहते थे।

Update: 2025-01-17 14:38 GMT
Kiran Singhdeo: गुटीय सियासत के मोहरा तो नहीं बन गए किरण सिंहदेव, जानिये कैसे मंत्री पद की थाली सामने आकर खिसक गई...
  • whatsapp icon

Kiran Singhdeo: रायपुर। बीजेपी के अंदरखाने में पिछले 48 घंटे की हाई लेवल की पॉलिटिक्स के बाद आज आश्चर्यजनक रूप से किरण सिंहदेव को फिर से प्रदेश अध्यक्ष बना दिया गया। अध्यक्ष के लिए तीन उन्होंने पर्चा दाखिल किया था, उसमें किरण सिंहदेव भी शामिल थे।

इसके बाद स्पष्ट हो गया था कि किरण को फिर से अध्यक्ष बनाया जा रहा है। बीजेपी के सूत्रों ने भी तस्दीक कर दी थी कि किरण को ही दोबारा अध्यक्ष बनाया जाएगा।

हालांकि, कहने के लिए उन्हें अध्यक्ष चुना गया है मगर वास्तविकता यह है कि उन्हें अध्यक्ष बनाया गया है। बनाया इसलिए, क्योंकि वे इस पद पर रहना नहीं चाहते थे। मतलब यह है कि जो हुआ, उसके लिए जाहिर तौर पर किरण तैयार नहीं होंगे। क्योंकि, कहा ये जा रहा था कि वे मंत्री बन रहे हैं।

पिछले एक महीने से यह बात पब्लिक डोमेन में वायरल थी कि किरण सिंहदेव पार्टी अध्यक्ष के पद पर नहीं रहना चाहते...वे विष्णुदेव साय कैबिनेट में शामिल होना चाहते हैं। 30 दिसंबर के बाद तो उनके समर्थक दावा करने लगे थे कि कि सिंहदेव के मंत्री बनने बनने में अब कोई संशय नहीं रह गया है।

हालांकि, जानकारों का कहना है कि किरण का नाम आगे बढ़ाकर मंत्रिमंडल के विस्तार में पेंच फंसाया गया...वहां तक बात सही है। यह भी हकीकत है कि उसके बाद तय किया गया कि मंत्रिमंडल के विस्तार से पहले अध्यक्ष का फैसला हो जाए।

इसके लिए पिछले हफ्ते राष्ट्रीय संगठन मंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी नीतिन नबीन और क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल की मौजूदगी में देर रात इस पर विचार किया गया कि किरण सिंहदेव की जगह नया अध्यक्ष किसे बनाया जाएगा। पर, यह आखिर तक इस पर एक राय नहीं बन पाया कि किरण के विकल्प के तौर पर किसे चुना जाए।

हाई प्रोफाइल सियासत

बीजेपी के अंदरखाने की खबर यह है कि हाई लेवल पॉलिटिक्स के तहत संगठन के कुछ नेताओं ने किरण सिंहदेव का नाम आगे बढ़ाया था। जिस तरह छत्तीसगढ़ के सांसदों की दावेदारी कम करने और डिप्टी सीएम अरुण साव का प्रभाव को निस्तेज करने तोखन साहू को केंद्रीय राज्य मंत्री बनाने नाम रिकमंड किया गया था, उसी तरह का सियासी खेला करते हुए किरण सिंहदेव को मोहरा बनाया गया।

गुब्बारा फट गया

यह पूरी तरह सच है कि किरण सिंहदेव के नाम पर ही मंत्रिमंडल का विस्तार टाला गया। वरना, 25 दिसंबर के पहले दो नए मंत्रियों का शपथ हो गया होता।

छत्तीसगढ़ में बीजेपी की सियासी बिसात पर हाथी से सीधे वजीर को निशाना बनाने का प्रयास किया जा रहा था, मगर इसकी भनक पार्टी के शीर्ष नेताओं को लग गई। और दो दिन के भीतर ऐसी चकरी घुमाई गई कि समय से पहले ही गुब्बारा फट गया। और किरण सिंहदेव को न चाहते हुए भी फिर से उसी पद को स्वीकार करना पड़ गया, जिसको लेकर वे ना-ना कर रहे थे।

किरण सिंहदेव की चूक?

किरण सिंहदेव के सामने मंत्री पद आकर निकल गया, इसमें किरण सिंहदेव की चूक भी बताई जा रही है। कुछ दिनों से वे खुद भी यह स्वीकार करने लगे थे कि प्रदेश अध्यक्ष पद में उनकी कोई रुचि नहीं है। दिखावे के लिए ही सही, उन्होंने कभी इसका खंडन भी नहीं किया कि मंत्री पद के लिए वे इच्छुक नहीं।

याने मैसेज यह जा रहा था कि जैसा वे चाह रहे, पार्टी में वैसा ही हो रहा है। मगर बीजेपी की सियासत में इस तरह की बातें स्वीकार नहीं की जाती। खासकर, मोदी और अमित शाह के युग में तो बिल्कुल नहीं।

जगदलपुर के लोकप्रिय महापौर से विधायक और प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी तक पहुंचे किरण सिंहदेव की छबि सहज और सरल नेता की है। बस्तर में उनके पास समर्थकों का एक बड़ा वर्ग है। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने दौरे भी खूब किए।

ये जरूर है कि वे अपने दौरे और कार्यक्रमों को सोशल मीडिया में प्रचारित नहीं करते। मगर उनके करीबियों का कहना है कि यही सहजता उन्हें भारी पड़ गई। वे गुटीय राजनीति के आसान मोहरा बन गए। सियासी गुणा-भाग के तहत संगठन के नेताओं ने उनके नाम को आगे बढ़ाया और फिर अंजाम तक पहुंचा भी नहीं पाए। शीर्ष नेतृत्व ने बीच सफर में गाड़ी की हवा निकाल दी।

पहली बार के विधायक को प्रदेश अध्यक्ष

ये बिल्कुल सही है कि सत्ताधारी पार्टी के अध्यक्ष का वो रुतबा नहीं रहता, जो विरोधी पार्टी के प्रमुख का होता है। मुख्यमंत्री तो बड़ी बात हो गई, मंत्रियों का तामझाम रुलिंग पार्टी के प्रदेश अध्यक्षो को कचोटता है। इसलिए, अधिकांश प्रदेश अध्यक्षों की दिलचस्पी मंत्री बनने में होती है कि कम-से-कम अपने विभाग के तो वे सर्वेसर्वा होते हैं।

Tags:    

Similar News