EX-Minister Renuka Singh: सरकार में भी रावण...रेणुका ने सरकार के ‘रावण’ पर साधा निशाना तो मची खलबली, कांग्रेस ने घेरा...

Former Minister Renuka Singh: तेजतर्रार भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री रेणुका सिंह ने दशहरा उत्सव के मंच से यह कह कर खलबली मचा दी है कि सरकार में भी रावण है और समाज में भी रावण है। लेकिन रावण का अंत तय करना पड़ेगा।

Update: 2025-10-03 16:17 GMT

Former-Minister Renuka Singh: भरतपुर। सोनहत से वर्तमान भाजपा विधायक रेणुका सिंह को दशहरा उत्सव का मंच मिला था। इस मंच पर दशहरा उत्सव के बारे में बोलते- बोलते उन्होंने कह दिया कि सरकार में भी रावण है। उनके इस बयान को कांग्रेस ने लपक लिया है और अब इसके राजनीतिक मतलब निकाले जाने लगे हैं। छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद पहली भाजपा सरकार में तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन ङ्क्षसह के कार्यकाल में रेणुका को महिला बाल विकास मंत्री बनाया गया था। बाद में उन्हें लोकसभा का टिकट देकर दिल्ली भेज दिया गया, जहां भी वे केंद्रीय राज्य मंत्री रहीं। बीते विधानसभा चुनाव में उन्हें वापस छत्तीसगढ़ की सियासत में लाकर सोनहत से उम्मीदवार बनाया गया था। जीत कर वे विधानसभा तो पहुंच गई हैं, मगर अब तक उन्हें कोई बड़ी जिम्मेदारी सरकार में नहीं मिली है। यही वजह है कि उनके बयान को नाराजगी से जोड़ कर देखा जा रहा है। छत्तीसगढ़ विधानसभा के सत्रों में भी रेणुका सिंह प्रश्रकाल में बहुत कम भाग लेती देखी गई हैं। मंत्री मंडल विस्तार के वक्त और निगम मंडलों में नियुक्तियों के समय उम्मीद की गई थी कि वरिष्ठ भाजपा नेत्री को कोई बड़ी जिम्मेदारी मिलेगी, मगर नतीजा शून्य ही रहा है।

दशाहरा के मौके पर मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर विधानसभा क्षेत्र के सोनहत में रावण दहन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंच पर भाजपा विधायक व पूर्व मंत्री रेणुका सिंह उपस्थित थीं। उत्सव की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कह दिया कि सरकार में भी रावण है और समाज में भी रावण है। आगे उन्होंने यह जोड़ कर तहलका मचा दिया कि रावण का अंत तय करना पड़ता है। अब कांग्रेस ने इसे स्थानीय स्तर पर मुद्दा बना लिया है। कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने सवाल खड़ा किया है कि अगर सरकार में रावण हे तो जनता को बताएं कि कौन है वो, जो जनता का हक निगल रहा है। साथ ही उन्होंने समाज को रावण बताने पर बेहद आपत्ति जताई है। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या सत्ता के गलियारों में कोई दस सिर वाला भ्रष्टाचार का प्रतीक छिपा हुआ है? अगर आप नाम नहीं बताएंगे तो जनता इसे छलावा मानेगी। सवाल यह भी है कि आखिर सरकार में वह रावण कौन है?

यहां देखिए विधायक रेणुका सिंह का वायरल वीडियो

रेणुका सिंह हमेशा चर्चा में

प्रदेश में पहली भाजपा सरकार के दौरान भी रेणुका की कार्यशैली चर्चा में रहती थी। वो गलतियों पर अफसरों को बुरी तरह डांट फटकार देती थीं। इससे पहले 2019 में आदिवासी समाज को लेकर उन्होंने एक बयान दे दिया था, जिस पर काफी बवाल मचा था। इसके अलावा विधानसभा में कई बार उनके बयानों पर विपक्ष आपत्ति करता रहा है।

Tags:    

Similar News