आर्यन को झटका: 26 अक्तूबर तक जेल में ही रहना होगा, अब इस दिन होगी जमानत पर सुनवाई
मुंबई 21 अक्टूबर 2021। शाहरुख खान के बेटे आर्यन की जमानत पर सुनवाई बॉम्बे हाई कोर्ट में अब मंगलवार 26 अक्टूबर को होगी। कोर्ट ने एनसीबी को सोमवार तक जवाब फाइल करने का वक्त दिया है। आर्यन की अर्जी NDPS कोर्ट में 20 अक्टूबर को खारिज कर दी गई थी। इसके बाद उनके वकील सतीश मानशिंदे और अमित देसाई बॉम्बे हाई कोर्ट पहुंचे थे। अब कोर्ट ने सुनवाई के लिए मंगलवार की तारीख दी है। आर्यन अभी आर्थर रोड जेल में हैं। आज सुबह उनके पिता शाहरुख खान उनसे मिलने जेल पहुंचे।
बुधवार को विशेष एनडीपीएस अदालत ने आर्यन समेत बाकी आरोपियों की जमानत याचिका खारिज कर दी थी, जिसके बाद उनके वकीलों ने तुरंत बॉम्बे हाईकोर्ट में अपील दायर कर निचली अदालत के आदेश को चुनौती दे दी। आर्यन के पास से कुछ भी बरामद नहीं किया गया है लेकिन उसके दोस्त के पास से ड्रग्स मिले हैं। ऐसे में एनसीबी को शक है कि आर्यन ड्रग रैकेट का हिस्सा हो सकता है। आर्यन की चैट से एनसीबी को काफी कुछ जानकारी मिली है।
आर्यन के साथ बॉलीवुड की उभरती हुई एक्ट्रेस के साथ भी चैट सामने आई है। इस चैट में नशे को लेकर बातचीत हो रही थी। कोर्ट में बहस के दौरान एनसीबी की टीम ने आरोपियों के जो चैट्स अदालत को सौंपे हैं उनमें आर्यन के साथ इस एक्ट्रेस के साथ चैट भी शामिल है। आर्यन के खिलाफ अभी तक NCB की सभी दलीलें मुख्य रूप से वॉट्सऐप चैट पर आधारित हैं। आर्यन खान की जमानत याचिका पर मुंबई सत्र अदालत के जज वीवी पाटिल ने 14 अक्तूबर को सुनवाई की थी। इसके बाद उन्होंने 20 अक्तूबर तक फैसला सुरक्षित रख लिया था। उस दौरान आर्यन खान के वकील अमित देसाई ने उसकी गिरफ्तारी को बेबुनियाद बताया था।