प्राइवेट जेट में पालथी मारकर बैठीं ‘देसी गर्ल’ Priyanka Chopra, देसी अंदाज पर फिदा हुए फैन्स
मुंबई 27 सितम्बर 2021I ग्लोबल आइकन प्रियंका चोपड़ा अपने देसी अंदाज को कभी नहीं छोड़तीं. चाहे वो खाने में उनकी देसी पसंद हो या फिर आउटफिट के मामले में उनका साड़ी से प्यार. प्रियंका का यह देसी अंदाज हर बार लोगों का दिल जीत लेता है. एक बार फिर प्रियंका ने अपने देसी होने का प्रमाण दिया है. उन्हें प्लेन में पालथी मारकर बैठे देखा गया, जिसकी तस्वीर खूब वायरल हो रही है.
इस तस्वीर की खासियत प्रियंका के बैठने का स्टाइल है जिसमें वे पालथी मारकर बैठी दिखीं. रिपोर्ट के मुताबिक यह तस्वीर उस वक्त की है जब प्रियंका हॉलीवुड सीरीज सिटाडेल की शूटिंग के लिए अपने को-स्टार्स के साथ स्पेन जा रही थीं. इसमें प्रियंका ब्लैक एंड व्हाइट स्ट्राइप्ड टॉप, बेज कलर की पैंट और ग्रे शेड का ब्लेजर पहनी नजर आईं.
प्रियंका को इस तरह देसी स्टाइल में बैठे देख लोग उनके फैन हो गए और तारीफें करने लगे। प्रियंका की इस वायरल तस्वीर को उनकी टीम ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया था, जिस पर लोगों ने खूब कॉमेंट किए। किसी ने उन्हें ‘देसी गर्ल’ कहा तो किसी ने ‘इंडिया वाले’। कुछ यूजर्स ने कॉमेंट किया कि उन्हें प्रियंका चोपड़ा के बैठने का यह देसी अंदाज बहुत पसंद आया। वहीं कुछ ने लिखा, ‘यही बैठने का सबसे कंफर्टेबल तरीका। गजब प्रियंका चोपड़ा। आप अभी भी हमारी देसी गर्ल हो।’
बता दें कि प्रियंका चोपड़ा जल्द ही एक स्पाई थ्रिलर सीरीज सिटाडेल (Citadel) में नजर आएंगी। इसके अलावा वह बैरी लेविनसन (Barry Levinson) की फिल्म ‘शीला’ में आध्यात्मिक गुरु मां आनंद शीला के रोल में दिखेंगी। प्रियंका चोपड़ा हाल ही पैरिस में हुए ग्लोबल सिटिजन लाइव में हिस्सा लेने पहुंची थीं। उन्होंने इस सेरिमनी को होस्ट किया था।
हाल ही प्रियंका ‘द ऐक्टिविस्ट’ में हिस्सा लेने पर विवादों में आ गई थीं और लोगों ने सोशल मीडिया पर खूब गुस्सा निकाला था। तब प्रियंका ने सोशल मीडिया पर सभी से माफी मांगते हुए एक पोस्ट शेयर किया था। बता दें कि ‘द ऐक्टिविस्ट’ एक ऐसा शो है, जिसमें ऐक्टिविस्ट अपने-अपने कामों को बढ़ावा देने के लिए एक-दूसरे के साथ कंपीट करते दिखेंगे। इसी फॉर्मैट के कारण प्रियंका चोपड़ा के इस शो की आलोचना हो रही थी।