Viral Crime News: चोरी करने गया चोर क्लीनिक के शटर में फंसा, रात भर लटकता रहा, सुबह फायर ब्रिगेड ने निकाला, पुलिस ने ऐसे किया गिरफ़्तार!
Viral Crime News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद (इंदिरापुरम) में चोरी करने गया एक चोर क्लीनिक के शटर और दीवार के बीच रातभर फंसा रहा। फायर ब्रिगेड ने रेस्क्यू कर पुलिस को सौंपा।
Viral Crime News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित इंदिरापुरम इलाके में चोरी की कोशिश कर रहा एक चोर क्लीनिक के शटर और दीवार के बीच बुरी तरह फंस गया। रातभर लटके रहने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने भारी मशक्कत के बाद चोर का रेस्क्यू किया जिसके बाद इंदिरापुरम पुलिस ने आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया है।
कैसे शटर और दीवार के बीच फंसा चोर?
घटना गाजियाबाद के अभय खंड इलाके की है। पुलिस को दी गई शुरुआती जानकारी के मुताबिक बीती रात एक युवक चोरी की नीयत से एक स्थानीय क्लीनिक में घुसने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान वह दीवार और शटर के संकरे हिस्से में घुसने लगा और उसकी गर्दन वहीं फंस गई। उसने बाहर निकलने की बहुत कोशिश की लेकिन वह खुद को छुड़ा नहीं सका और पूरी रात उसी दर्दनाक हालत में वहीं लटका रहा।
फायर सर्विस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
सुबह जब आसपास के लोगों ने चोर को क्लीनिक के शटर में इस हालत में लटका हुआ देखा तो इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर सर्विस और पुलिस को इस घटना की सूचना दी।
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और काफी मशक्कत के बाद शटर को काटकर युवक को बाहर निकाला। रातभर फंसे रहने और गर्दन दबने के कारण चोर की हालत काफी खराब है।
पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में
रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के तुरंत बाद गाजियाबाद पुलिस ने आरोपी युवक को अपनी कस्टडी में ले लिया है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इलाके में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है कि जिस क्लीनिक में चोर हाथ साफ करने घुसा था अपनी चालाकी के कारण वह खुद एक मरीज की तरह तड़पता रहा।