CG Mungeli News: केंद्र प्रभारी गिरफ़्तार: धान खरीदी में प्रभारी ने की अनियमितता, 65 लाख रुपए के गबन का अपराध दर्ज ,खरीदी केंद्र प्रभारी गिरफ्तार

CG Mungeli News: धान खरीदी में 65 लाख रुपए की अनियमितता बरतने वाले धान खरीदी केंद्र प्रभारी के खिलाफ कलेक्टर कुंदन कुमार के निर्देश पर अपराध दर्ज किया गया है। इसके बाद पुलिस ने 24 घंटे के अंदर ही आरोपी धान खरीदी केंद्र प्रभारियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Update: 2025-10-09 09:43 GMT

CG Mungeli News: मुंगेली। धान खरीदी में घोटाला करने वाले खरीदी प्रभारी के खिलाफ अपराध दर्ज करवाया गया है। 65 लाख रुपए के धान खरीदी में गबन के मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर 24 घंटे के भीतर धान खरीदी केंद्र प्रभारी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला फास्टरपुर थाना क्षेत्र का है।

खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में शासन की महत्वाकांक्षी धान खरीदी कार्य में अनियमितता पर कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार खरीदी केन्द्र तरवरपुर के खरीदी प्रभारी सरजू बघेल पर एफआईआर दर्ज कराया गया है। सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित बिलासपुर शाखा सेतगंगा के प्रबंधक सुमरन दास मानिकपुरी की शिकायत पर पुलिस ने 65 लाख रूपए से अधिक कीमत के 02 हजार 97 क्विंटल धान के गबन के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है।

सहायक आयुक्त सहकारिता हितेश श्रीवास ने बताया कि वर्ष 2024-25 में शासन के निर्देशानुसार 15 नवम्बर 2024 से 31 जनवरी 2025 तक धान खरीदी कार्य संपन्न किया गया। इस दौरान धान खरीदी तरवरपुर के खरीदी प्रभारी सरजू बघेल द्वारा 65 लाख रूपए से अधिक कीमत के 02 हजार 97 क्विंटल धान का लेखा-जोखा प्रस्तुत नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि गठित टीम द्वारा जांच रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि उक्त राशि का दुरुपयोग किया गया है। जांच के बाद प्रबंधक सहकारी केंद्रीय बैंक ने इस संबंध में थाना सेतगंगा में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 318(4) एवं 316(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

24 घंटे में ही गिरफ्तारी

अपराध दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर ही आरोपी धान खरीदी केंद्र प्रभारी सरजू बघेल को उसके गांव फंदवानीकापा स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के घर दबिश देने पर आरोपी ने भागने की कोशिश की। पर पुलिस ने चारों तरफ से घेरेबंदी कर आरोपी सरजू बघेल को पकड़ा। पूछताछ में उसने आरोप स्वीकार कर लिया। उसके पास से धान खरीदी रजिस्टर और अन्य आवश्यक दस्तावेज जप्त किए गए हैं। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया गया।

Tags:    

Similar News