भाजपा के आक्रामक तेवर का श्रीगणेश: किसानों के मुद्दों पर भाजपा किसान मोर्चा करेगा विधानसभा वार प्रदर्शन..26 जुलाई को प्रदर्शन.. मैराथन बैठक में तय हुई रणनीति

Update: 2021-07-19 12:27 GMT

रायपुर,19 जुलाई 2021। दो दिवसीय भाजपा की बैठक जिसमें राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, प्रदेश संगठन प्रभारी डी पुरंदेश्वरी, प्रदेश सह संगठन प्रभारी नितिन नबीन शामिल हुए थे और मोर्चा प्रकोष्ठों और विभाग प्रभारियों की बैठक लेने के बाद कोर ग्रुप की बैठक में जो अंतिम दिशानिर्देश मिले उसके अनुरुप भाजपा आक्रामक तेवरों के साथ छत्तीसगढ़ के मैदान पर उतर रही है।
राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश और प्रदेश संगठन प्रभारी डी पुरंदेश्वरी ने किसानों के हितैषी सरकार के रुप में प्रचारित की जाने वाली प्रदेश सरकार को किसानों के मुद्दे पर ही घेरने के निर्देश दिए थे।
वह बैठक समाप्त हुए अभी चौबीस घंटे पूरे नहीं हुए और प्रदेश भाजपा ने आंदोलन की रुप रेखा बनाकर तारीख़ भी तय कर दी है। यह तारीख़ है 26 जुलाई। इस आंदोलन की रुपरेखा नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक के आनंद नगर स्थित निवास पर तैयार हुई, जहां बृजमोहन अग्रवाल भी मौजुद थे।किसान मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियों की टीम जिसमें प्रदेश अध्यक्ष श्यामबिहारी जायसवाल और उपाध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास शामिल थे,इसके बाद इस रुपरेखा की जानकारी देने मौलश्री स्थित डॉ रमन सिंह के पास गई और वहाँ से निकल कर कुशाभाउ ठाकरे परिसर पहुँची जहां संगठन मंत्री पवन साय के समक्ष पूरी कार्ययोजना बताई गई।
कद्दावर नेताओं की दो दिवसीय बैठक के बाद यह पहला आंदोलन है जिसे लेकर भाजपा आक्रामक तेवर का श्रीगणेश करने जा रही है।इस आंदोलन में खाद बीज आपूर्ति से लेकर नक़ली खाद बीज और तमाम मुद्दे शामिल होंगे। किसान मोर्चा के इस प्रदर्शन के बाद युवा मोर्चा और महिला मोर्चा समेत कई अन्य मोर्चा और प्रकोष्ठों के आक्रामक तेवर के साथ सामने आने के संकेत हैं।

Tags:    

Similar News