धोनी के लिए सम्मान समारोह आयोजित करना चाहता है BCCI

Update: 2020-08-20 11:07 GMT

नईदिल्ली 20 अगस्त 2020. बीसीसीआई पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के लिए विदाई मैच करवाने के लिए तैयार है। आईसीसी के तीनों टूर्नामेंट (विश्व कप, टी20 विश्व कप, चैंपियंस ट्रॉफी) जीतने वाले दुनिया के एकमात्र कप्तान धोनी ने 15 अगस्त को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।

बीसीसीआई के एक अधिकारी ने कहा कि बोर्ड आईपीएल के दौरान इस बारे में धोनी से बात करेगा। उसके बाद ही आगे का कार्यक्रम तय किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी भारतीय टीम की कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं है। आईपीएल के बाद हम कुछ कर सकते हैं, क्योंकि धोनी ने देश के लिए बहुत कुछ किया है। वे हर एक सम्मान के हकदार हैं।
हम हमेशा से ही धोनी के लिए एक विदाई मैच कराना चाहते थे, लेकिन वह एक अलग तरह के खिलाड़ी हैं। उन्होंने अचानक संन्यास का एलान कर दिया। कोई भी यह नहीं सोच सकता था कि वे ऐसा फैसला इतनी जल्दी लेंगे। धोनी ने अभी तक किसी अधिकारी से कोई बात नहीं की है। पर यह पक्का है कि हम आईपीएल के दौरान उनसे बात जरूर करेंगे।
उनकी सहमति के बाद सही जगह पर एक मैच या सीरीज जरूर कराएंगे। चाहे वे मानें या नहीं, हम उनके लिए एक सम्मान समारोह कराएंगे। उनका सम्मान करना हमारे लिए गर्व की बात होगी।

Tags:    

Similar News