Lexus LX Recall India: 2.80 करोड़ रुपये की इस SUV में आई बड़ी खामी, मुफ्त में होगी ठीक
Lexus LX SUV Recalled in India: भारत में Lexus ने अपनी लग्जरी SUV Lexus LX की 117 यूनिट्स को रिकॉल किया है। ट्रांसमिशन सिस्टम में तकनीकी खराबी मिलने के बाद कंपनी फ्री सॉफ्टवेयर अपडेट से समस्या ठीक करेगी। यह SUV करीब 2.80 करोड़ रुपये की कीमत में आती है।
Image Source: lexusindia.co.in
Lexus LX SUV Recalled in India: अगर आपने हाल ही में Lexus की कोई महंगी SUV खरीदी है तो ये खबर आपके लिए काम की है। Lexus इंडिया ने अपनी सबसे महंगी SUV Lexus LX को रिकॉल कर लिया है। कंपनी ने खुद बताया है कि ट्रांसमिशन सिस्टम में एक ऐसी दिक्कत मिली है जो चलती गाड़ी में खतरा बन सकती है। ये बात छोटी नहीं है क्योंकि यह गाड़ी करीब 2.80 करोड़ रुपये एक्स-शोरूम की आती है।
कितनी यूनिट्स पर लागू हुआ रिकॉल
कुल 117 यूनिट्स को वापस बुलाया गया है। ये वो गाड़ियां हैं जो 6 मार्च 2025 से लेकर 29 सितंबर 2025 के बीच में बनी थीं। इतनी महंगी गाड़ी में ऐसी दिक्कत आना, ये बात लग्जरी सेगमेंट में काफी चर्चा बटोर रही है।
ट्रांसमिशन समस्या क्या है
इस SUV में जो 10-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स लगा है उसमें सोलनॉइड नाम के पार्ट्स होते हैं जो गियर शिफ्टिंग कंट्रोल करते हैं। कंपनी का कहना है कि कुछ कंडीशन में ये सोलनॉइड सही से काम नहीं करते। जब ये फेल होते हैं तो ट्रांसमिशन कंट्रोल यूनिट और इंजन ECU के बीच कम्युनिकेशन टूट जाता है। इसका नतीजा ये होता है कि कुछ गियर में इंजन जरूरत से ज्यादा तेज घूमने लगता है, जिसे ओवर-रेविंग बोलते हैं।
ड्राइविंग के दौरान संभावित खतरे
ये समस्या सुनने में भले ही टेक्निकल लगे लेकिन असल में काफी खतरनाक है। हाईवे पर तेज रफ्तार में चला रहे हो और अचानक गाड़ी की पावर कट जाए तो सोचिए क्या होगा। कंपनी ने ये भी कहा है कि अगर ट्रांसमिशन हाउसिंग डैमेज हो गया तो ऑयल लीक हो सकता है। ऑयल लीकेज की बात जब आती है तो सेफ्टी का मामला और भी गंभीर हो जाता है।
कंपनी समस्या को कैसे ठीक करेगी
एक राहत की बात ये है कि इसमें कोई बड़ा पार्ट बदलने की जरूरत नहीं पड़ रही। कंपनी बोल रही है कि सिर्फ कंट्रोल यूनिट का सॉफ्टवेयर अपडेट करना है और काम हो जाएगा। ये काम ऑथराइज्ड सर्विस सेंटर पर होगा और ग्राहकों की जेब से एक रुपया नहीं लगेगा।
ग्लोबल स्तर पर भी जारी हुआ रिकॉल
यह रिकॉल भारत तक सीमित नहीं है। इंटरनेशनल मार्केट में भी कंपनी पहले ही इसी मॉडल को वापस बुला चुकी है। सबसे बड़ी बात यह है कि मौजूदा जनरेशन की इस SUV का ये चौथा रिकॉल है। चार बार रिकॉल हो चुका है एक ही जनरेशन में, तो लोग सवाल तो उठाएंगे ही कि भरोसा कैसे करें।
इंजन और फीचर्स की प्रमुख जानकारी
भारत में अभी LX 500d वेरिएंट बिकता है जिसमें 3.3-लीटर ट्विन-टर्बो V6 डीजल इंजन है। पावर 304 हॉर्सपावर की है और टॉर्क 700Nm का मिलता है जो काफी दमदार है। एडैप्टिव सस्पेंशन भी है और फोर-व्हील एक्टिव हाइट कंट्रोल भी दिया गया है।
ग्राहकों को अभी क्या करना चाहिए
जिन लोगों के पास यह SUV है और उनकी गाड़ी मार्च से सितंबर 2025 के बीच बनी है तो उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। कंपनी खुद उनसे संपर्क करेगी। लेकिन अगर कोई इंतजार नहीं करना चाहता तो अपने नजदीकी Lexus डीलरशिप पर जाकर पूछ सकता है कि उनकी गाड़ी इस रिकॉल में आती है या नहीं।