बिना पेट्रोल के भी चलेगी यह Ferrari! 849 Testarossa भारत में लॉन्च: जानें कीमत, टॉप स्पीड और माइलेज
Ferrari 849 Testarossa Launched in India: Ferrari ने भारत में अपनी नई हाइब्रिड सुपरकार Ferrari 849 Testarossa लॉन्च कर दी है। 1035HP पावर, 330 किमी/घंटा से ज्यादा टॉप स्पीड और 25 किमी इलेक्ट्रिक रेंज के साथ यह कार शानदार परफॉर्मेंस देती है।
Image Source: ferrari.com
Ferrari 849 Testarossa Launched in India: इटालियन सुपरकार मेकर Ferrari ने अपनी फ्लैगशिप हाइब्रिड कार Ferrari 849 Testarossa (फेरारी 849 टेस्टारोसा) को भारत में लॉन्च कर दिया है। यह कार Ferrari SF90 का अपडेटेड वर्जन है, जिसे कंपनी ने 10.37 करोड़ रुपये (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत पर उतारा है। भारत में इसका सीधा मुकाबला Lamborghini Revuelto से होगा। इस कार के साथ Ferrari ने अपने आईकॉनिक 'Testarossa' नाम को मॉडर्न हाइब्रिड अवतार में पेश किया है।
इंजन और पावरट्रेन
Ferrari 849 Testarossa में ट्विन-टर्बो V8 इंजन के साथ तीन इलेक्ट्रिक मोटर्स दी गई हैं। यह हाइब्रिड सेटअप मिलकर 1035 HP की मैक्सिमम पावर जनरेट करता है। इसमें 7.45 kWh की छोटी बैटरी लगी है, जिससे कार को सिर्फ इलेक्ट्रिक मोड पर 25 किमी तक चलाया जा सकता है। इसमें दो मोटर्स फ्रंट एक्सेल पर और तीसरी मोटर इंजन-गियरबॉक्स के बीच फिट की गई है, जो हाई स्पीड पर एक्स्ट्रा टॉर्क देती है।
टॉप स्पीड और परफॉरमेंस
परफॉरमेंस के मामले में यह Ferrari की अब तक की सबसे तेज कारों में से एक है। यह सुपरकार महज 2.2 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ लेती है। वहीं 200 किमी/घंटा की स्पीड तक पहुंचने में इसे सिर्फ 6.3 सेकंड लगते हैं। इसकी टॉप स्पीड 330 किमी/घंटा से भी ज्यादा है। पावर को कंट्रोल करने के लिए इसमें 8-स्पीड ड्यूल-क्लच F1 गियरबॉक्स स्टैंडर्ड दिया गया है।
डिजाइन और एयरोडायनामिक्स
इसका डिजाइन 1970 और 80 के दशक की क्लासिक फेरारी कारों से प्रेरित है, लेकिन इसमें मॉडर्न एयरोडायनामिक्स का इस्तेमाल हुआ है। कार के साइड्स में बड़े एयर इनटेक्स दिए गए हैं जो इंजन को कूल रखने में मदद करते हैं। इसका फ्रंट लुक काफी शार्प है और पीछे का हिस्सा मशहूर 512 S मॉडल की याद दिलाता है। यह डिजाइन कार को तेज रफ्तार पर स्टेबल रखने में मदद करता है।
इंटीरियर और फीचर्स
केबिन के अंदर कंपनी ने बड़े बदलाव किए हैं। टच कंट्रोल्स की जगह अब स्टीयरिंग व्हील पर फिजिकल बटन्स दिए गए हैं ताकि ड्राइवर का ध्यान न भटके। डैशबोर्ड पर ड्राइवर और पैसेंजर दोनों के लिए अलग-अलग डिजिटल डिस्प्ले मौजूद हैं। गियर सिलेक्टर को पुराने 'गेटेड मैनुअल' स्टाइल में डिजाइन किया गया है जो इसे विंटेज लुक देता है। ग्राहक इसमें कंफर्ट या रेसिंग सीट्स में से अपनी पसंद का ऑप्शन चुन सकते हैं।