आर्यन खान ड्रग्स केस: शाहरुख खान के ड्राइवर को NCB ने भेजा समन, ड्रग्स केस में हो रही है पूछताछ जारी
मुंबई 9 अक्टूबर 2021I नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने ड्रग्स केस की जांच तेज कर दी है. रोजाना इस मामले में नए-नए लोगों के नाम सामने आ रहे हैं, और उन्हें पूछताछ के लिए एनसीबी दफ्तर बुलाया जा रहा है. शनिवार को भी एजेंसी ने बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान (Shahrukh Khan) के ड्राइवर को समन जारी किया और उसे पूछताछ के लिए बुलाया. इस वक्त उससे मुंबई स्थित एनसीबी ऑफिस में पूछताछ की जा रही है.
किस वजह से हो रही शाहरुख खान के ड्राइवर से पूछताछ?
एनसीबी सूत्रों के मुताबिक, शाहरुख खान के ड्राइवर से पूछताछ जांच का एक हिस्सा है. जांच में सामने आया था कि आर्यन खान, अरबाज मर्चेंट, प्रतीक गाबा के साथ एक और शख्स आर्यन के बंगले मन्नत से एक साथ मर्सिडीज गाड़ी में निकले थे. ये सभी एक साथ क्रूज पार्टी के लिए निकले थे. ये एक प्लान के तहत गए थे. एक साजिश थी और इसी जानकारी के बाद एनसीबी ने NDPS के सेक्शन-29 को FIR में एड किया था. एनसीबी इसी बात को और पुख्ता करने के लिए ड्राइवर का बयान दर्ज कर रही है. आर्यन खान केस में ये बड़ा अपडेट है. अभी तक खान परिवार या उससे जुड़े किसी भी शख्स से पूछताछ नहीं की गई थी. वहीं आर्यन खान की बात करें तो वो आर्थर रोड़ जेल में सलाखों के पीछे हैं. अभी उन्हें बाकी कैदियों से अलग क्वारनटीन में रखा गया है.
पहले श्रेयस को किया था गिरफ्तार
इससे पहले एनसीबी ने आर्यन खान के करीबी दोस्त श्रेयस नायर (Shreyas Nair) को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया था. आर्यन खान, अरबाज मर्चेंट और श्रेयस नायर, तीनों स्कूल के समय से दोस्त हैं और ये तीनों मुंबई के धीरूभाई इंटरनेशल स्कूल में एक साथ पढ़ा करते थे. श्रेयस के नाम का खुलासा आर्यन के वॉट्सऐप चैट से हुआ था. एनसीबी के अनुसार, श्रेयस भी उस रात ड्रग्स पार्टी में शामिल होने वाला था लेकिन किसी वजह से वो नहीं आ सका.
कोर्ट ने रिजेक्ट की आर्यन की जमानत याचिका
आर्यन खान को 8 अक्टूबर को जेल में शिफ्ट किया गया था. इसी दिन उनकी मां गौरी खान का जन्मदिन था. खान परिवार को उम्मीद थी कि आर्यन खान को कोर्ट से बेल मिल जाएगी. लेकिन ऐसा नहीं हुआ. मां के जन्मदिन पर आर्यन की रात जेल में कटी. आर्यन समेत बाकी आरोपियों की भी बेल अर्जी खारिज की गई. अब जल्द ही आर्यन खान के वकील सतीश मानशिंदे उनकी बेल के लिए सेशंस कोर्ट में अप्लाई करेंगे.
बैरक में बंद किए गए आर्यन खान
सहयोगी वेबसाइट DNA के मुताबिक आर्यन खान समेत पकड़े गए सभी 8 आरोपियों को जेल में विचाराधीन कैदियों वाली बैरक में रखा गया है. ऐसी बैरक में रखे गए कैदियों को घर के कपड़े पहनने की छूट होती है. हालांकि इसके अलावा उन्हें और कोई रियायत नहीं मिलती. कोर्ट ने जेल प्रशासन को खास ताकीद की है कि आर्यन खान (Aryan Khan) और उनके साथियों को किसी भी सूरत में बाहर का खाना न दिया जाए.