JNU फिर विवादों मेंः बाबरी मस्जिद की बरसी पर आधी रात प्रोटेस्ट मार्च, मस्जिद बनाकर इंसाफ दिलाने की मांग

नई दिल्ली, 7 दिसंबर 2021। बाबरी मस्जिद का ढांचा ध्वस्त होने की बरसी पर जेएनयू में आधी रात को प्रोटेस्ट मार्च निकालकर नारेबाजी की गई। छात्रों ने फिर से बाबरी मस्जिद बनाकर इंसाफ मांगी।
जेएनयू के स्टूडेंट नारे लगा रहे थे, नहीं सहेंगे हाशिमपुरा, नहीं करेंगे दादरी, फिर बनाओ, फिर बनाओ बाबरी...। 1992 में 6 दिसंबर को ही बाबरी मस्जिद को तोड़ा गया था. इसके खिलाफ बीती रात यह प्रदर्शन किया गया और नारे लगाए गए कि बाबरी मस्जिद को गलत तरीके से तोड़ा गया था, इसे दोबारा से बनाया जाए।
बाबरी मस्जिद तोड़े जाने की घटना के 29 घंटे बाद इस प्रदर्शन का कॉल जेएनयूएसयू द्वारा रात को 8.30 बजे दिया गया था। जेएनयू केंपस के गंगा ढाबा पर रात 8.30 बजे काफी संख्या में लेफ्ट विंग के छात्र जमा हो गए और यहां से यह प्रदर्शन मार्च चंद्रभागा हॉस्टल तक पहुंचा। बता दें, चंद्रभागा हॉस्टल की इसी चौखट पर इससे पहले भी लेफ्ट समर्थक छात्रों द्वारा कई विवादित बयान दिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि यह प्रदर्शन हॉस्टल तक पहुंचा, जिसके बाद छात्र यूनियन के नेताओं ने अपनी-अपनी बातें रखीं। इसी दौरान जेएनयू छात्र संघ के वाइस प्रेसिडेंट साकेत मून ने स्पीच देते हुए कहा कि बाबरी मस्जिद दोबारा बनाकर इंसाफ किया जाएगा।
