Begin typing your search above and press return to search.

CU की छात्रा अरुणिता को न्यूक्लियर संरचना के क्षेत्र में मिला देश में प्रथम स्थान, कुलपति प्रो0 चक्रवाल बोले, गौरव का पल

CU की छात्रा अरुणिता को न्यूक्लियर संरचना के क्षेत्र में मिला देश में प्रथम स्थान, कुलपति प्रो0 चक्रवाल बोले, गौरव का पल
X
By NPG News

बिलासपुर, 7 दिसंबर 2021। गुरू घासीदास केन्द्रीय विश्वविद्यालय की भौतिकीय विज्ञान विद्यापीठ के अंतर्गत शुद्ध एवं अनुप्रयुक्त भौतिकी विभाग की शोध छात्रा सुश्री अरुणिता मुखर्जी को न्यूक्लियर संरचना के क्षेत्र में की गई शोध के लिए देश में प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया है।

30 नवंबर से 05 दिसंबर, 2021 तक मुंबई में भारत सरकार के परमाणु ऊर्जा विभाग के बोर्ड ऑफ रिसर्च इन न्यूक्लियर साइंसेज द्वारा प्रायोजित 65वां सिम्पोजियम ऑन न्यूक्लियर फिजिक्स में सुश्री अरुणिता मुखर्जी को ऑक्टोपोल कोरिलेशंस एंड गामा-वाइब्रेशनल बैंड इन 72 सेलेनियम न्यूक्लियस विषय पर शोध के लिए पोस्टर प्रस्तुति में पुरस्कार प्राप्त हुआ। सुश्री अरुणिता भौतिकी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. तारकेश्वर त्रिवेदी के निर्देशन में शोध अध्ययन कर रही हैं। डॉ. त्रिवेदी एक्सपेरिमेंटल न्यूक्लियर फिजिक्स के क्षेत्र में देश में जाना पहचाना नाम हैं। डॉ. त्रिवेदी ने वाइसमेन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस इजराइल एवं टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च मुंबई से पोस्ट डॉक्टरेट किया है।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार चक्रवाल ने सुश्री अरुणिता मुखर्जी की सफलता पर बधाई देते हुए इसे विश्वविद्यालय के लिए गौरव का पल बताया। उन्होंने कहा कि अरुणिता की यह उपलब्धि भौतिक विज्ञान के क्षेत्र में वर्तमान में शोध कर रहे एवं भविष्य में शोध की इच्छा रखने वाले छात्रों के लिए प्रेरणा साबित होगी। विश्वविद्यालय में स्थित 3एमवी त्वरक केन्द्र अरुणिता जैसे युवा शोधार्थियों को न्यूक्लियर फिजिक्स में स्थापित तथ्यों पर शोध करने के लिए प्रेरित करेगा।

कुलपति ने सुश्री अरुणिता को विवेकानंद के जीवन उपदेश से जुड़ी पुस्तक भेंट की। उन्होंने कहा कि हम सभी को लक्ष्य पर ध्यान केन्द्रित करना चाहिए साथ ही इसे प्राप्त करने के लिए पूरी निष्ठा तथा समर्पण भाव के साथ प्रयास भी निरंतर करने चाहिए। कुलपति ने डॉ. त्रिवेदी को बधाई देते हुए भविष्य में गुरु घासीदास विश्वविद्यालय के नाम को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पटल पर गौरान्वित करने के लिए प्रेरित किया।

परमाणु में पाई जाने विभिन्न संचरनाओं स्फैरिकल, प्रोलेट, ऑब्लेट के आकार की संचरना का सामान्य रुप से पाई जाती है लेकिन ऑक्टोपोल (नासपाती) के आकार की संरचना का मिल पाना कठिन होता है। इस शोध में शोधार्थियों की टीम ने परमाणु में पाई जाने वाली नासपाती के आकार की संरचना की पुष्टि की है। सुश्री अरुणिता एवं टीम ने यह शोध कार्य आईयूएसी नई दिल्ली की इंडियन नेशनल गामा एरे की प्रयोगशाला में संपादित किया है।

प्रेस विज्ञप्ति-2

दिनांक 07.12.2021

सीयू के कुलपति प्रो. चक्रवाल ने लिया जायजा

बिलासपुर। गुरू घासीदास विश्वविद्यालय (केन्द्रीय विश्वविद्यालय) के माननीय कुलपति महोदय प्रोफेसर आलोक कुमार चक्रवाल ने दिनांक 07 दिसंबर, 2021 को परिसर स्थित विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर जायजा लिया। कुलपति महोदय ने रजत जयंती सभागार एवं नवीन आईटी भवन में आयोजित हो रही लिखित परीक्षा हेतु की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान माननीय कुलपति महोदय के साथ विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलसचिव श्री सूरज कुमार मेहर सहित सहायक कुलसचिव प्रशासन श्री अभिदीप तिवारी उपस्थित रहे।

रजत जयंती सभागार में अस्थाई शिक्षकों के साक्षात्कार हेतु विभिन्न व्यवस्थाओं जिनमें अभ्यर्थियों की उपस्थिति हेतु बनाई गई डेस्क, दस्तावेजों का सत्यापन एवं साक्षात्कार कक्षों का अवलोकन करते हुए संबंधितों को आवश्यक निर्देश प्रदान किये। उन्होंने साक्षात्कार हेतु आए अभ्यर्थियों से व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी लेते हुए की गई विभिन्न व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।

कुलपति महोदय ने नवीन प्रौद्योगिकी भवन में सुरक्षा अधिकारी की अस्थाई भर्ती हेतु जारी लिखित परीक्षा के आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। इसके पश्चात विश्वविद्यालय में जारी भव्य प्रवेश द्वार के निर्माण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण स्थल का भ्रमण कर कार्य की प्रगति को देखा। उन्होंने विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (यांत्रिकी) डॉ. आर.के. चौबे एवं अन्य सदस्यों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये।

Next Story