Begin typing your search above and press return to search.

कोई भी शैक्षणिक संस्थान विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के समर्पण भरे काम से महान बनता है-कुलपति प्रो0 चक्रवाल

विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के साथ उनके परिवार और समाज के हितों की रक्षा करता है। विद्यार्थी विश्वविद्यालय की छवि को समाज तक पहुंचाते हैं ऐसे में उनके सर्वांगीण हितों को प्रथामिकता दी जानी चाहिए।

कोई भी शैक्षणिक संस्थान विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के समर्पण भरे काम से महान बनता है-कुलपति प्रो0 चक्रवाल
X
By NPG News

बिलासपुर, 27 अक्टूबर 2021। गुरू घासीदास विश्वविद्यालय (केन्द्रीय विश्वविद्यालय) के कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार चक्रवाल ने कहा कि संस्थान उसके विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के निस्वार्थ समर्पण से महान बनता है। गुरु घासीदास विश्वविद्यालय के पास देश-दुनिया के श्रेष्ठतम विश्वविद्यालयों की सूची में शामिल होने के लिए आवश्यक सभी संसाधन उपलब्ध हैं। हमें उन संसाधनों का पूर्णरुपेण उपयोग करते हुए अपनी ऊर्जा को सकारात्मकता के साथ दिशा देना है।

सतर्कता जागरुकता सप्ताह के अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के सभाकक्ष में सायं 4 बजे कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार चक्रवाल की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इमारत तभी बुलंद बनती है जबकि उसकी नींव मजबूत है। विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के साथ उनके परिवार और समाज के हितों की रक्षा करता है। विद्यार्थी विश्वविद्यालय की छवि को समाज तक पहुंचाते हैं ऐसे में उनके सर्वांगीण हितों को प्रथामिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने में सभी के दृढ़ संकल्प, सहयोग एवं समन्वय की नितांत आवश्यक होगी। हमें सभी कार्यों का संपादन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और वांछित लक्ष्यों के प्राप्ति के उद्देश्य से करना है, इसमें हम सभी की प्रगति निहित है।

बैठक में उपस्थित अधिकारियों एवं प्रभारी अधिकारियों द्वारा विश्वविद्यालय के विकास में किये जा रहे छात्रहित में किये जा रहे सकारात्मक योगदान के विषय में विस्तार से चर्चा की। उनके द्वारा छात्रों को प्रदान की जाने वाली सुविधाओं, शोध हेतु उपलब्ध वातावरण एवं अन्य विषय में विचार व्यक्त किये।

अंत में विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. शैलेन्द्र कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। बैठक में विश्वविद्यालय के कुलसचिव, निदेशक आईक्यूएसी, वित्ताधिकारी, परीक्षा नियंत्रक, विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी विकास, अधिष्ठाता छात्र कल्याण, मुख्य कुलानुशासक, मुख्य छात्रावास अधीक्षक, ग्रंथपाल, प्रभारी सुरक्षा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Story