नईदिल्ली 5 दिसंबर 2020। क्रिकेटर युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह का विवादों से पुराना नाता रहा है। वह अक्सर अपने विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन में शामिल होने के लिए पहुंचे योगराज सिंह की गिरफ्तारी की मांग होने लगी है। ट्विटर पर #ArrestYograjSingh ट्रेंड हो रहा है। योगराज सिंह पर आरोप है कि किसान आंदोलन में अपने संबोधन के दौरान उन्होंने गुजरातियों को लेकर जो बयान दिया उसको लेकर उनकी गिरफ्तारी की मांग हो रही है। नई किसान कानूनों को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच उन्होंने किसानों के बीच जाकर एक आपत्तिजनक भाषण देकर खुद को मुसीबतों में डाला है।
कई प्रांतों के किसान दिल्ली सीमा पर विभिन्न स्थानों पर एकत्र हुए हैं। किसान नए कृषि कानूनों के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं, केंद्र सरकार से उन्हें वापस लेने के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं। इस किसानों का समर्थन तमाम हस्तियों ने भी किया है। इस बीच एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें योगराज सिंह को हिंदूओं पर कमेंट करते हुए सुना जा सकता है। इस भाषण को सोशल मीडिया पर हेट स्पीच कहा जा रहा है, क्योंकि इसमें उनको निंदनीय, भड़काऊ, अपमानजनक और घृणास्पद भाषा का इस्तेमाल करते देखा गया है। इसके बाद तमाम लोग योगराज को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं, क्योंकि उनका बयान निंदनीय है।
सिंघू सीमा पर एकत्रित हुए किसानों ने 8 दिसंबर को तीन केंद्रीय मंत्रियों और आंदोलनकारी किसानों के प्रतिनिधि समूह के बीच बातचीत के बाद भारत बंद का आह्वान किया है। कुल 5 दौर की बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन कोई सार्थक परिणाम नहीं निकला है।