काम की खबर: वाट्सऐप ने बंद किए 20 लाख अकाउंट, कहीं आपका वाट्सऐप भी तो नहीं… बिना अनुमति बल्क मैसेज भेजने और शर्तें नहीं मानने पर होगी कार्रवाई

रायपुर, 3 अक्टूबर 2021। केंद्र सरकार के नए आईटी कानून के तहत मैसेजिंग एप वाट्सऐप ने भारत में 20 लाख से ज्यादा अकाउंट बंद कर दिए हैं। वाट्सऐप की मंथली रिपोर्ट के मुताबिक बिना अनुमति बल्क मैसेज भेजने, वाट्सऐप की सेवा शर्तों के उल्लंघन के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक बिना अनुमति के ऑटोमैटेड या बल्क मैसेज भेजने के कारण 20.70 लाख अकाउंट पर बैन लगा है। अगस्त के दौरान वॉट्सऐप को 420 शिकायतें मिली थीं। इसमें अकाउंट सपोर्ट की 105, बैन अपील की 222, प्रोडक्ट सपोर्ट की 42, सिक्योरिटी की 17 और दूसरे सपोर्ट की 34 शिकायतें शामिल थीं।
वॉट्सऐप के प्रवक्ता के मुताबिक यूजर सिक्योरिटी रिपोर्ट में शिकायतों की जानकारी दी गई है। प्लेटफॉर्म के दुरुपयोग को रोकने के लिए वॉट्सऐप अपनी कार्रवाई जारी रखेगा। वाट्सऐप का फोकस प्लेटफॉर्म पर स्पैम और अनचाहे मैसेजेस को रोकने पर है।
दुनियाभर में हर महीने 80 लाख अकाउंट्स बैन
जानकारी के मुताबिक वॉट्सऐप ने भारत में 16 जून से 31 जुलाई तक 3 लाख अकाउंट्स को बंद किया था। यह कार्रवाई 594 शिकायतों के आधार पर की गई थी। दुनियाभर में दुरुपयोग के मामलों पर वॉट्सऐप औसतन हर महीने 80 लाख अकाउंट्स को बैन करता है।
