कलेक्टर को वैक्सीन के दोनों डोज लेने के बाद भी क्यों हुआ कोरोना ? …..एक्सपर्ट के जवाब जानिये…वैक्सीन लेने वालों को ये खबर जरूर पढ़ना चाहिये…

रायपुर 11 मार्च 2021। जांजगीर कलेक्टर यशवंत कुमार को वैक्सीन लेने के बाद भी कोरोना हो गया। जब से ये खबर आयी है, कोरोना और वैक्सीन को लेकर तरह-तरह बहस शुरू हो गयी। यशवंत कुमार ने कोरोना के दोनों डोज लिये थे। वैक्सीन का पहला डोज 8 फरवरी को लेने के 28 दिन बाद इस महीने की 8 तारीख को उन्होंने दूसरा डोज भी लिया था।
सवाल उठने लगे कि क्या कोरोना के वैक्सीन लेने के बाद भी कोरोना हो सकता है ? क्या वैक्सीन असरदार नहीं है ?…तमाम सवालों को लेकर एक्सपर्ट ने जवाब दिया है।
वर्ल्ड हेल्थ आर्गनाईजेशन के स्टेट टीम लीडर प्रनीत फटाले ने बताया कि जिनका कोविड टीकाकरण किया जा चुका है उन्हें भी कोविड एप्रोप्रियेट बिहेवियर का पालन आवश्यक रूप से करना है क्योंकि लापरवाही घातक साबित हो सकती है। उन्होने कहा कि टीकाकरण के प्रथम डोज के उपरांत द्वितीय डोज 28 दिनों के बाद लेना है । दोनों ही डोज लग जाने के 15 दिनों के बाद ही शरीर में एन्टीबॉडी डेवलप होती है। अतः इस बीच और उसके बाद भी ’कोविड एप्रोप्रियेट बिहेवियर’ का पालन किया जाना जरूरी है।
श्री फटाले ने कहा कि राज्य में कोविड 19 के संक्रमण की रफ्तार कम नही हुई है। इसलिए अभी भी ’कोविड अप्रोप्रिएट बिहेवियर’ मास्क ठीक तरह से पहनना, आपस में दो गज की दूरी बनाए रखना और साबुन व साफ पानी से समय समय पर अपने हाथ धोना, इन तीन नियमों का पालन अभी भी आवश्यक है। ये उपाय अपना कर हम खुद को और अपने परिवार को कोरोना संक्रमण से सुरक्षित रख सकते हैं। उन्होने कहा कि लोगों को यह भी ध्यान रखना होगा कि सर्दी,खांसी,बुखार ,थकान, दस्त लगना भूख न लगना, गंध न आना आदि लक्षण होने पर तुरंत चिकित्सक की सलाह लें व कोरोना की जांच अवश्य कराएं। अभी सावधानी बरतने में ही सुरक्षा है।
