“जब पैसे नहीं थे तो लॉक नहीं करना था कलेक्टर”…डिप्टी कलेक्टर के सूने मकान में घुसे चोर, पूरा सामान बिखराया, कुछ गहने उड़ाए पर जाते-जाते दे गए ये ज्ञान, जो सोशल मीडिया पर जो रहा वायरल

देवास, 11 अक्टूबर 2021। सूने मकान की ताक में रहने वाले चोरों को इस बात का भी अनुमान रहता है कि कितने का माल हाथ लग सकता है। जब डिप्टी कलेक्टर का मकान हो तो मोटी रकम की उम्मीद बढ़ जाती है, लेकिन एक डिप्टी कलेक्टर के घर घुसे चोर इतने फ्रस्टेट हो गए कि चोरी करने के बाद जाते-जाते चोरों ने एक नोट लिखकर छोड़ दिया।
बात ऐसी है कि देवास के डिप्टी कलेक्टर त्रिलोचन सिंह गौड़ को खातेगांव का एसडीएम बनाया गया है। गौड़ का मकान सिविल लाइन में सांसद निवास के पास ही है। उनके मकान में 15 दिनों से ताला लटका था तो चोरों ने हाथ साफ करने की प्लानिंग कर ली। घर में घुसे। सारा सामान अस्त-व्यस्त कर दिया। सोने की अंगूठी, चांदी की पायजेब, कुछ सिक्के सहित 30 हजार की चोरी की। कोई बड़ी रकम हाथ नहीं लगी। यह बात चोरों को नागवार गुजरी और टेबल में रखी डायरी के एक पन्ने पर लिख दिया कि “जब पैसे नहीं थे तो लॉक नहीं करना था कलेक्टर।”
जब डिप्टी कलेक्टर अपने निवास पर पहुंचे तो वारदात का खुलासा हुआ। ताला टूटा हुआ था। घर का सारा सामान बिखरा हुआ था। आलमारी खुली हुई थी। तभी उनकी नजर डायरी के उस पन्ने पर पड़ी, जिसमें चोरों ने नोट लिखा था। यह नोट सोशल मीडिया पर वायरल है। डिप्टी कलेक्टर ने इसकी सूचना पुलिस को दी। थाना प्रभारी उमराव सिंह ने बताया कि चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है।
