जब माईनिंग से पहले कलेक्टर ने ही अवैध रेत घाट पर कर दी रेड !….मौके से पोकलेन मशीन सहित बड़े पैमाने पर रेत जब्त

कोरबा 8 अगस्त 2020। अवैध खनन पर वैसे तो खनिज विभाग के अफसर कार्रवाई करते है, लेकिन माईनिंग विभाग से पहले अगर कलेक्टर ही अवैध खनन वाली जगह पर अगर रेड कर दे तो इसे आप क्या कहेगें। जीं हां कुछ ऐसा ही मामला कोरबा में सामने आया है, यहां कोरबा कलेक्टर किरण कौशल ने अवैध रेत खनन के मामले को गंभीरता से लेते हुए भिलाई खुर्द स्थित अवैध रेत घाट पर खुद ही छापा मारने पहुंच गई। कलेक्टर किरण कौशल के साथ एस.पी.अभिषेक मीणा भी मौजूद थे।
रेत माफियाओं द्वारा भिलाई खुर्द स्थित हसदेव नदी के किनारे बनाये अवैध रेत घाट पर जब कलेक्टर पहुंची तो मौके पर एक पोकलेन मशीन के साथ ही बड़े पैमाने पर रेत का स्टाॅक मिला। जिसकी जानकारी खुद कलेक्टर ने मौके से माईनिंग विभाग के अफसरों को दी। फिर क्या था माईनिंग विभाग के इंस्पेक्टर भागते हुए मौके पर पहुंचे और पोकलेन मशीन को जब्ती बनाने के साथ ही अवैध तरीके से भंडारित किये गये रेत को जब्ती की कार्रवाई की गयी। कलेक्टर किरण कौशल ने इस कार्रवाई के ठीक बाद ही माईनिंग विभाग के अफसरो को दरकिनार कर राजस्व विभाग के अधिकारियों की टीम बनाकर रेत के अवैध खनन और भंडारण पर कार्रवाई के आदेश दिये गये। जिसके बाद न्याब तहसीलदार की टीम ने ग्राम बरपाली के तरदा गांव में छापामार कार्रवाई कर अवैध तरीके से भंडारित 70 हाईवा रेत को जब्त किया है।
तरदा में जब्त रेत किसी रसूखदार नेता का बताया जा रहा है, लेकिन वैधानिक दस्तावेज नही होने पर कलेक्टर ने सभी मामलों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिये है। गौरतलब है कि बारिश के दिनों में रेत घाटों में आगामी 15 अक्टूबर तक खनन पर प्रतिबंध लगा हुआ है। ऐेसे में खनन माफिया माईनिंग और पुलिस के निचले स्तर के अधिकारियों से सेटिंग कर रात के अंधेरे में रेत का अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे थे। जिसकी जानकारी सामने आने के बाद कलेक्टर किरण कौशल ने खुद अवैध कारोबारियों के खिलाफ मोर्चा संभाल ली है। कलेक्टर किरण कौशल और एस.पी.अभिषेक मीणा की इस छापामार कार्रवाई से जहां खनन माफियाओं के साथ ही अवैध कारोबारियो के बीच हड़कंप मचा हुआ है, वही इस पूरी कार्रवाई ने माईनिंग और पुलिस विभाग के निचले स्तर के अफसरो की कार्य प्रणाली पर भी सवालिया निशान लगा दिया है। क्योंकि पुलिस और माईनिंग विभाग अगर खनन माफियाओं के खिलाफ मुस्तैद होती…तो कलेक्टर और एस.पी.को खुद छापामार कार्रवाई करने की जरूरत ही नही पड़ती।
– नही बख्सा जाएगा खनन माफियाओं को – किरण कौशल
कलेक्टर किरण कौशल ने NPG से चर्चा में कहा कि जिले में किसी भी तरह के अवैध खनन और माफियाओ की दबंगई बर्दास्त नही की जाएगी। फिर चाहे वो रेत माफिया हो या फिर कोल माफिया….हमे जहां भी ऐसी शिकायत मिलेगी वहां फौरन माइनिंग विभाग के साथ ही मेरे द्वारा गठित राजस्व विभाग की टीम छापामार कार्रवाई करने के साथ ही खनन माफियाओं के खिलाफ शख्त कार्रवाई की जाएगी।
