सोया चिली रेस्टोरेंट्स में खूब शौक से खाई जाने वाली डिश है। लोग इसे बतौर स्टार्टर खूब पसंद करते हैं। सोया चंक्स वेजिटेरियन्स के लिए प्रोटीन का बेहतरीन सोर्स हैं।

रेस्टोरेंट स्टाइल सोया चिली का स्वाद बढ़ाने के लिए सोया चंक्स को मैरीनेट करने के बाद डीप फ्राई किया जाता है जो इसे अनहेल्दी बनाता है।
इस रेसिपी में सोया चंक्स को केवल एक टेबल स्पून तेल में शैलो फ्राई किया गया है और सोया चिली का स्वाद आएगा उतना ही बेजोड़। तो
सोया चिली बनाने के लिए हमें चाहिए:- सोया चंक्स-1 कप, प्याज-2, शिमला मिर्च - 1, हरी मिर्च - 2, सोया साॅस-1 टी स्पून, रैड चिली साॅस-1 टी स्पून, टोमेटो कैचप-1 टेबल स्पून,
सिरका-2 टी स्पून, काली मिर्च - 1/4 टी स्पून ( ऑप्शनल), अदरख-लहसुन पेस्ट - 2 टी स्पून, कश्मीरी मिर्च पाउडर - 1 टी स्पून, काॅर्नफ्लोर-3 टी स्पून, नमक-1/2 टी स्पून, तेल - 2 टेबल स्पून
सोया चिली ऐसे बनाएं:- सबसे पहले एक पैन में पानी गर्म करें और सोया चंक्स को इसमें डालें। साथ में एक चम्मच नमक भी डालें। एक उबाल आने के बाद गैस को बंद कर दें और पैन को ढंककर 15 मिनट के लिए छोड़ दें।
अब सोयाबीन को छानकर अतिरिक्त पानी निकाल दें और इन्हें ठंडा होने दें। ठंडा होने के बाद में इन्हें निचोड़कर अधिकतर पानी निकाल दें।
अब हमें सोया चंक्स को मैरीनेट करना है। इसके लिए इन्हें एक प्लेट में रखें और इसमें नमक, मिर्च, काली मिर्च पाउडर, अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर हाथों से अच्छी तरह मिक्स कर लें।
अब इसके ऊपर दो टी स्पून कॉर्नफ्लार फैला कर डाल दें।अच्छे से मिक्स करें। इन्हें ढंककर रख दें।
अब एक पैन में एक टेबल स्पून तेल गर्म करें और और सोया चंक्स को उसमें कुछ देर फ्राई करके निकाल लें जब तक अदरख-लहसुन की कच्ची महक न चली जाए।सोया चंक्स पर भी सिकीं हुई रंगत आ चुकी होगी।
इस दौरान एक प्याज को बारीक काट लें और एक प्याज और शिमला मिर्च को थोड़े बड़े टुकड़ों में काट लें।
अब एक कड़ाही में एक टेबल स्पून तेल गर्म करें और इसमें एक टी स्पून अदरख लहसुन का पेस्ट भूनें। अब बारीक कटा प्याज तेज आंच पर भूनें।
अब शिमला मिर्च और प्याज के डाइस्ड पीस डालकर क्रंची रहने तक तेज आंच पर पका लें। अब इसमें सोया साॅस और रैड चिली साॅस डालकर चलाएं। अब इसमें पानी एड करें। अब इसमें कैचप और सिरका डालें और चलाएं। अब नमक डालें।
अब सब्जियों को साॅस के साथ कुछ देर अच्छे से पका लें। अब इसमें एक टी स्पून काॅर्न फ्लोर को थोड़े से पानी में घोलकर डाल दें और चलाएं। इससे ग्रेवी थिक होगी।
अब सोया चंक्स एड करें और इन्हें सब्जी और मसालों के साथ एक मिनट से भी कम देर तक पकाएं। आपका हेल्दी सोया चिली तैयार है। इसे गर्मागर्म सर्व करें।