Samsung ने अपने Galaxy Unpacked इवेंट में एक ऐसा प्रोडक्ट लॉन्च किया है जिसका टेक लवर्स को काफी समय से इंतजार था।
कंपनी ने आखिरकार अपना पहला मैग्नेटिक वायरलेस पावर बैंक मार्केट में उतार दिया है। इस पावर बैंक को Qi2 Magnet Wireless Battery Pack नाम दिया गया है।
अब Galaxy Unpacked इवेंट में Samsung ने इसे अपनी तीन मैग्नेटिक चार्जर्स की लाइनअप के साथ ऑफिशियली पेश कर दिया है। यह पावर बैंक मैग्नेट के जरिए सीधा आपके फोन की बैक पैनल पर चिपक जाता है और बिना किसी वायर के चार्जिंग शुरू कर देता है।
Samsung ने इस पावर बैंक में 5000mAh की बैटरी दी है। इसी वजह से कंपनी इसकी बॉडी को स्लिम और लाइटवेट रखने में कामयाब रही है। वायरलेस चार्जिंग की बात करें तो यह पावर बैंक 15W तक की स्पीड देता है।
अगर आपको फास्ट चार्जिंग चाहिए तो इसमें दिया गया USB-C पोर्ट 25W की रफ्तार से चार्जिंग कर सकता है।
खास बात यह है कि इस पावर बैंक से आप एक साथ दो डिवाइसेज चार्ज कर सकते हैं। मतलब एक फोन वायरलेस तरीके से चार्ज होगा और दूसरी डिवाइस USB-C पोर्ट के जरिए।
Samsung ने इस पावर बैंक में एक बिल्ट-इन किकस्टैंड भी दिया है जो इसे मार्केट के बाकी पावर बैंक से अलग बनाता है। इस किकस्टैंड की मदद से आप अपने फोन को लैंडस्केप मोड में सेट करके कोई भी वेब सीरीज या वीडियो देख सकते हैं।
जानकारी के मुताबिक Samsung की डिजाइन टीम ने इस पावर बैंक को बनाते वक्त Galaxy S26 और Galaxy S25 सीरीज के कैमरा लेआउट का पूरा खयाल रखा है। पावर बैंक के ऊपरी हिस्से में एक स्पेशल कटआउट दिया गया है।
लेकिन ध्यान रखें कि इसे इस्तेमाल करने के लिए आपके फोन पर Samsung का कम्पैटिबल मैग्नेटिक केस लगा होना जरूरी है। तभी यह पावर बैंक फोन के पीछे मजबूती से चिपक पाएगा।
फिलहाल Samsung ने इस पावर बैंक को सिर्फ ग्रे कलर में उतारा है। बता दें कि यह प्रोडक्ट Samsung UK की ऑफिशियल वेबसाइट पर लिस्ट हो चुका है लेकिन कंपनी ने अभी तक इसकी कीमत और सेल डेट का ऐलान नहीं किया है।