छत्‍तीसगढ़ के तीन दिवसीय दौरे पर आए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज सुबह चंपारण गए। रायपुर एयरपोर्ट से वे हेलीकॉप्‍टर से नवागांव हेलीपेड पहुंचने वहां से चंपारण स्थित वल्‍लभाचार्य आश्रम गए।

केन्द्रीय गृह मंत्री शाह का नव गांव हैलीपेड में सांसद रायपुर लोकसभा बृजमोहन अग्रवाल, विधायक इंद्र कुमार साहू और रोहित साहू, पूर्व सांसद महासमुंद चंदूलाल साहू,
पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, नवागांव सरपंच भागवत साहू और संभाग आयुक्त महादेव कांवरे सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण ने स्वागत किया।
केद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज छत्तीसगढ़ के पवित्र धाम चंपारण पहुंचे। यहां उन्होंने महाप्रभु वल्लभाचार्य जी के मुख्य प्राकट्य बैठक स्थल और चम्पेश्वर महादेव की पूजा अर्चना की और देशवासियों की सुख समृद्धि की कामना की।
इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी उनके साथ थे।
चंपारण में महाप्रभु वल्लभाचार्य आश्रम पहुंचने पर केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह का परम्परागत ढंग से स्वागत किया गया।
इस मौके पर द्वारिकेश्वर लाल जी महाराज द्वारा उन्हें महाप्रभु वल्लभाचार्य जी की प्रतिमा भेंट की गई। वल्लभाचार्य निधि ट्रस्ट की ओर से भी उनका स्वागत किया गया। हरीश बाबरिया और मोनल बाबरिया द्वारा उन्हें श्रीनाथ जी का चित्र भेंट किया गया।
छत्तीसगढ़ में महाप्रभु वल्लभाचार्य जी के जन्मस्थली चंपारण में देशभर से पुष्टिमार्ग के अनुयायी जुटते हैं।
बनारस-दक्षिण प्रवास के दौरान वल्लभाचार्य जी की माता को प्रसव पीड़ा हुई और चंपारण में चम्पेश्वर महादेव मंदिर के निकट उन्होंने बालक को जन्म दिया। वल्लभाचार्य जी ने पुष्टि मार्ग का प्रवर्तन किया और देशभर में कृष्ण भक्ति की अलख जगाई।
चौरासी वैष्णवों की वार्ता तथा वल्लभ दिग्विजय जैसे ग्रंथों में महाप्रभु के बचपन और उनकी सुंदर स्मृतियां दर्ज हैं। चंपारण, त्रिवेणी संगम राजिम के निकट है राजिम में भगवान श्री राजीव लोचन विराजित हैं।
यह पदम क्षेत्र कहा जाता है। इस पद्म क्षेत्र के चारों ओर पंचकोसी परिक्रमा होती है। इस पंचकोसी परिक्रमा में श्रद्धालु हिस्सा लेते हुए चम्पेश्वर महादेव में जल अर्पित करते हैं।
इस मौके पर सर्व गुजराती समाज के अध्यक्ष प्रितेश गांधी पदीय, श्री वल्लभाचार्य ट्रस्ट के अध्यक्ष चेतन अधिया, वल्लभाचार्य ट्रस्ट के सदस्य वल्लभ अधिया, गुजराती समाज के पदाधिकारी हरीश कुमार बाबरिया,
पूर्व मंत्री चंद्रशेखर साहू, अपैक्स बैंक पूर्व अध्यक्ष अशोक बजाज और चंपारण के सरपंच राधिका ध्रुव सहित अनेक जनप्रतिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
चंपारण से लौटने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह नवा रायपुर स्थित होटल में नक्‍सलवाद उन्‍मूलन को लेकर बैठक ले रहे हैं। इस बैठक में छत्‍तीसगढ़ और इसके 7 पड़ोसी राज्‍यों के मुख्‍य सचिव और डीजीपी शामिल हैं। इस बैठक के बाद शाह छत्‍तीसगढ़ पुलिस की अगल से बैठक लेंगे।