IPL 2026 के शेड्यूल का इंतजार कर रहे क्रिकेट फैंस को थोड़ा और इंतजार करना होगा. पहले उम्मीद थी कि आईपीएल 2026 का पूरा कार्यक्रम 8 मार्च को जारी कर दिया जाएगा.
अब इसे एक दिन के लिए टाल दिया गया है. नई जानकारी के मुताबिक टूर्नामेंट का शेड्यूल अब 9 मार्च को शाम करीब 4 या 8 बजे जारी किया जा सकता है.
वहीं यह भी लगभग तय माना जा रहा है कि टूर्नामेंट की शुरुआत 28 मार्च से होगी. पहले माना जा रहा था कि आईपीएल 26 मार्च से शुरू हो सकता है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बार BCCI पिछले चुनावी वर्षों की तरह “स्टैगर्ड रिलीज” यानी चरणबद्ध तरीके से शेड्यूल जारी कर सकता है. इसका मतलब है कि पहले सिर्फ शुरुआती 15 से 20 दिनों के मैचों का कार्यक्रम ही घोषित किया जाएगा.
रिपोर्ट्स के मुताबिक टूर्नामेंट का पहला मैच मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के घरेलू मैदान एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा सकता है.
रिपोर्ट्स के अनुसार कुछ टीमें इस बार अपने घरेलू मैच दो अलग-अलग शहरों में खेल सकती हैं. उदाहरण के तौर पर बेंगलुरु की टीम अपने कुछ मैच रायपुर में खेल सकती है.
आईपीएल शेड्यूल को चरणों में जारी करने की एक बड़ी वजह आगामी विधानसभा चुनाव माने जा रहे हैं.
पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और पुडुचेरी में मार्च से मई के बीच चुनाव होने की संभावना है. ऐसे में सुरक्षा और लॉजिस्टिक्स को ध्यान में रखते हुए आयोजकों ने यह रणनीति अपनाई है.
टी20 वर्ल्ड कप खत्म होने के बाद अब क्रिकेट फैंस की नजरें आईपीएल पर टिक गई हैं. सोमवार को शेड्यूल जारी होते ही टूर्नामेंट को लेकर उत्साह और भी बढ़ने की उम्मीद है.