रसभरे स्पंजी गुलाब जामुन सभी को बहुत अच्छे लगते हैं। गुलाब जामुन खाने से एक अलग ही संतुष्टि मिलती है तभी तो रेस्तरां की थाली में भी प्रायः मिठाई के रूप में गुलाब जामुन परोसा जाता है।

आम तौर पर गुलाब जामुन मावे में मैदा मिलाकर बनाया जाता है। यहां हम आटे के गुलाब जामुन की रेसिपी शेयर कर रहे हैं जिसे आप मावा न होने पर भी घर में आसानी से बना सकते हैं।
गुलाब जामुन बाॅल्स के लिए:- आटा - 1/2 कप, मिल्क पाउडर - 1/2 कप, बेकिंग पाउडर - 1 टी स्पून, दूध-1/4 कप, देसी घी-2 टेबल स्पून, तेल- तलने के लिए
चाशनी के लिए:- शक्कर - डेढ़ कप, पानी - 1 कप, इलायची - 2 - 3, केसर- 6-7 धागे (ऑप्शनल),
आटे के गुलाब जामुन ऐसे बनाएं:- सबसे पहले चाशनी बनाने के लिए एक पैन में पानी और शक्कर मिला कर चढ़ा दें। इसे बीच-बीच में चलाते रहें।
क्रश्ड इलायची और केसर डाल दें। शक्कर घुलने के बाद चाशनी को पांच-छह मिनट और पकाएं। हमें चिपचिपी सी चाशनी चाहिए।
गुलाब जामुन बाॅल्स बनाने के लिए एक कटोरे या थाली में आटा, मिल्क पाउडर और बेकिंग सोडा मिक्स करें। इसमें थोड़ा-थोड़ा दूध डालते हुए नर्म आटा गूंधे।
अब घी डालकर आटे को दो से तीन मिनट और गूंधें ताकि अच्छे चिकने गुलाब जामुन बाॅल्स बनकर तैयार हों। उनमें दरारें न हों।
अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें। तैयार आटे से छोटी-छोटी गोलियां बना लें और मध्यम गर्म तेल में गुलाब जामुन तल लें।
अब इन्हें गर्म चाशनी में एक से दो घंटे डुबाकर रखे। आपके आटे के गुलाब जामुन तैयार हैं। इनका स्वाद आपके मुंह में पानी ला देगा।