दूर-दूर घूमने का शौक रखते हैं? तो आपके लिए खुशखबरी है। जर्मनी की मशहूर कंपनी BMW मोटोरराड ने अपनी एक दमदार एडवेंचर बाइक R 1300 GS एडवेंचर को पेश कर दिया है।
ये खासतौर पर उन लोगों के लिए बनाई गई है, जिन्हें बिना किसी परेशानी के लंबी दूरी का सफर करना पसंद है। आइए, इस शानदार R 1300 GS मोटरसाइकिल के बारे में विस्तार से जानते हैं।
R 1300 GS एडवेंचर को देखते ही आप समझ जाएंगे कि ये किसी भी रास्ते पर चलने के लिए तैयार है। इसकी पहचान है इसका 30 लीटर का एल्यूमिनियम फ्यूल टैंक।
ये न सिर्फ देखने में स्टाइलिश है बल्कि इतना बड़ा होने की वजह से आपको लंबे सफर पर बार-बार पेट्रोल पंप ढूंढने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके अलावा, इसकी बॉक्सी डिज़ाइन, चौड़े हैंडलबार और ऊंची सीट इसे और भी आकर्षक बनाते हैं।
BMW ने इस बाइक में ऐसे कई फीचर्स दिए हैं जो आपके सफर को आसान और आरामदायक बना देंगे। इसमें पूरी तरह से एलईडी लाइट्स के साथ साथ रात के वक्त ज्यादा रोशनी देने वाली ऑक्स लाइट्स भी मिलती हैं।
साथ ही, फिसलन वाली सड़क पर संतुलन बनाए रखने के लिए डायनामिक ट्रैक्शन कंट्रोल जैसा फीचर भी दिया गया है।
आपकी सुरक्षा का ख्याल रखते हुए इसमें रडार की मदद से चलने वाली एडैप्टिव क्रूज़ कंट्रोल और आगे-पीछे की टक्कर की चेतावनी जैसी सुरक्षा सुविधाएं भी शामिल हैं। इसके अलावा, आपकी स्मार्टफोन को चार्ज करने के लिए USB सॉकेट और 12V पावर सॉकेट भी मौजूद हैं।
R 1300 GS एडवेंचर की सबसे खास बात है इसका नया ऑटोमेटेड शिफ्ट असिस्टेंट (एएसए)। ये बाइक खुद ही क्लच और गियर बदलने का काम संभाल लेती है।
अब आपको बार-बार गियर बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी, खासकर लंबे सफर पर ये फीचर आपको काफी आराम पहुंचाएगा।
इस बाइक में 1300 सीसी का दमदार बॉक्सर इंजन लगा है जो 145 हॉर्सपावर की पावर और 149Nm का टॉर्क देता है।
इतनी पावर के साथ आप किसी भी तरह के रास्ते पर आसानी से निकल सकते हैं। इसमें चार राइड मोड्स यानी इको, रेन, रोड और एंड्यूरो भी दिए गए हैं।
आप सड़क के हिसाब से इन मोड्स को चुन सकते हैं और बाइक की परफॉर्मेंस को एडजस्ट कर सकते हैं। जैसे कि अगर बारिश हो रही है तो आप रेन मोड चुन सकते हैं वहीं पहाड़ी इलाकों के लिए एंड्यूरो मोड सबसे सही रहेगा।
उम्मीद की जा रही है कि BMW R 1300 GS एडवेंचर को कुछ ही महीनों में भारत में लॉन्च कर दिया जाएगा। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 25 लाख से 26 लाख रुपये के बीच हो सकती है।
ये चार वेरिएंट्स यानी बेसिक, ट्रिपल ब्लैक, GS ट्रॉफी और ऑप्शन 710 काराकोरम में उपलब्ध होगी। तो अगर आप लंबी दूरी के सफर के दीवाने हैं, तो ये आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है।