बैंगन पूरे साल आसानी से मिलने वाली सब्जी है जिसे कई तरह से बनाया जाता है। किसी को बैंगन का भरता पसंद आता है और किसी को सिंपल बैंगन आलू। आज हम आपके साथ शेयर कर रहे हैं अचारी बैंगन की रेसिपी।
इसमें तैयार अचार का मसाला नहीं डाला गया है बल्कि अचार तैयार करने में लगने वाले मसाले डाले गए हैं। अचारी बैंगन रोटी या पराठे के साथ जितना अच्छा लगता है उतना ही ज़ीरा राइस के साथ भी।
अचारी बैगन में डाला गया एक चम्मच विनेगर इसकी लाइफ बढ़ा देता है और इस वजह से आप अचारी बैंगन को लंबे सफर पर भी साथ ले जा सकते हैं। इसलिए इतनी यूज़फुल रेसिपी को सीखना तो बनता है न। तो चलिए बनाते हैं अचारी बैगन।
अचारी बैंगन बनाने के लिए हमें चाहिए:- बैंगन- 1 बड़ा, जीरा- 2 टी स्पून, सौंफ - 1 टी स्पून, राई- 1 टी स्पून, मेथी दाना-1 टी स्पून
अचारी बैंगन ऐसे बनाएं:- सबसे पहले एक पैन में एक टी स्पून जीरा, राई,सौंफ और मेथी दाने को ड्राई रोस्ट कर लें। मसाले थोड़े ठंडे हो जाएं तो उन्हें दरदरा पीस कर अलग रखें।
अब एक पैन में सरसों का तेल गर्म करें। उसमें हींग का तड़का दें। अब इसमें बाकी का एक टी स्पून जीरा तड़काएं।कलौंजी डालें। कलौंजी अचारी बैंगन के स्वाद में ज़बरदस्त इज़ाफा करती है।
अब इसमें बारीक कटा अदरक और लहसुन डालें और अच्छे से भूनें। इसी समय बारीक कटी हरी मिर्च डालें और भूनें। अब प्याज डालकर तीन से चार मिनट भूनें।
अब मीडियम साइज़ के टुकड़े में कटा बैंगन एड करें और बिना ढंके 6-7 मिनट नमक डालकर धीमी आंच पर भूनते हुए पकाएं।
अब इसमें लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, हल्दी पाउडर, अमचूर पाउडर और गरम मसाला पाउडर एड करें और अच्छी तरह चलाएं। अब इसमें पहले से भुने पिसे मसाले डालें और चलाएं। अब पैन को कवर करें और ढंककर पांच मिनट पकाएं।
अब इसमें एप्पल साइडर विनेगर डालें ।इससे यह बिल्कुल अचार का टेस्ट देगा। और बस आपका अचारी बैंगन तैयार है। इसे धनिया से गार्निश करें। अचारी बैंगन की ये सब्ज़ी यात्रा पर साथ ले जाने के लिए भी बहुत अच्छी है।