Begin typing your search above and press return to search.

मौसम अलर्ट: छत्तीसगढ़, पंजाब, हरियाणा सहित इन राज्यों में बर्फबारी की आशंका… होगी तेज बारिश…. जानिए मौसम का हाल

मौसम अलर्ट: छत्तीसगढ़, पंजाब, हरियाणा सहित इन राज्यों में बर्फबारी की आशंका… होगी तेज बारिश…. जानिए मौसम का हाल
X
By NPG News

नईदिल्ली 23 मार्च 2021. उत्तर भारत के पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक इस समय मौसम बदला हुआ है। बादल दिल्ली-एनसीआर तक पहुंच गए हैं और बारिश की गतिविधियां पंजाब और हरियाणा में कुछ स्थानों पर शुरू हो गई हैं। वर्तमान मौसमी स्थितियों को देखते हुए अनुमान है कि 23 और 24 मार्च को पंजाब के अधिकांश इलाकों, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और उत्तर पश्चिमी तथा उत्तर पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

24 मार्च से मौसमी की गतिविधियां काफी कम हो जाएंगी लेकिन उत्तरी हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के भागों में कुछ स्थानों पर 24 मार्च को भी गरज के साथ हल्की वर्षा, बूंदाबांदी होने की संभावना बनी रहेगी। सबसे ज्यादा गतिविधियां 23 मार्च यानी मंगलवार को संभावित हैं जब पंजाब और हरियाणा में कई जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है और बादलों की गर्जना के साथ ओले गिरने की संभावना रहेगी।

वर्तमान समय में एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर के पास बना है जबकि एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत की तरफ बढ़ते हुए उत्तरी पाकिस्तान पर पहुंचा है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से विकसित चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तर पश्चिमी राजस्थान के ऊपर है और एक चक्रवाती सिस्टम दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बना हुआ है। इन सभी सिस्टमों के प्रभाव से बंगाल की खाड़ी, अरब सागर और पश्चिमी विक्षोभ तीनों तरफ से आर्द्र हवाएँ उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में आ रही हैं। यही कारण है कि यहां पर बारिश का मौसम बना है।

अनुमान है कि 24 मार्च के बाद यह सारे सिस्टम कमजोर हो जाएंगे और बारिश की गतिविधियां बंद हो जाएंगी। लेकिन 24 मार्च तक उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अधिकांश जगहों पर दिन के तापमान में व्यापक गिरावट दर्ज की जाएगी और कई स्थानों पर पारा सामान्य या सामान्य से भी नीचे चला जाएगा। 24 मार्च के बाद मौसम साफ होने पर तापमान में फिर से बढ़ोतरी शुरु हो सकती है। हालांकि ठंडी हवाएं बढ़ते हुए तापमान पर मार्च के आखिर तक नियंत्रण बनाए रखेंगी।

इस सीजन में अब तक हुई बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो 1 मार्च से लेकर 21 मार्च के बीच उत्तर पश्चिम भारत में सामान्य से 66% कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है। इस दौरान जहां लगभग 35 मिलीमीटर वर्षा होनी थी वहां 11 मिलीमीटर बारिश हुई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 89% कम वर्षा हुई है। हरियाणा में 68 फ़ीसदी कम बारिश हुई है, उत्तर प्रदेश में 94% की कमी रही है, पंजाब में 90 फ़ीसदी कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है जबकि राजस्थान में 69% कम वर्षा दर्ज की गई है। उम्मीद कर सकते हैं कि वर्तमान बारिश इस कमी की कुछ हद तक भरपाई करेगी। हालांकि अधिकांश भागों में कटाई और मड़ाई की अवस्था वाली फसलों को नुकसान भी हो सकता है।

Next Story