Begin typing your search above and press return to search.

विष्णुदेव साय बोले…क्वारंटाईन के बहाने राज्यपाल की बैठक में जाने से मना करने वाले गृह मंत्री का सीएम हाउस में समीक्षा बैठक में शरीक होना संवैधानिक अवमानना…… शैलेष का पलटवार, कहा- ये भाजपा की कुत्सित मानसिकता

विष्णुदेव साय बोले…क्वारंटाईन के बहाने राज्यपाल की बैठक में जाने से मना करने वाले गृह मंत्री का सीएम हाउस में समीक्षा बैठक में शरीक होना संवैधानिक अवमानना…… शैलेष का पलटवार, कहा- ये भाजपा की कुत्सित मानसिकता
X
By NPG News

रायपुर, 14 अक्टूबर 2020। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने पूछा है कि प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती अनुसुइया उईके द्वारा बुलाई गई समीक्षा बैठक में क्वारंटाईन के बहाने शिरकत नहीं करने वाले गृह मंत्री आखिर मुख्यमंत्री बुलाई गई समीक्षा बैठक में कैसे शरीक हो गए? गृह मंत्री का यह रवैया सीधे-सीधे राज्यपाल का अपमान और संवैधानिक मर्यादा का उल्लंघन है। इधर कांग्रेस ने इस मुद्दे पर बीजेपी की मंशा पर सवाल उठाये हैं। कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन शैलेष नितिन त्रिवेदी ने कहा है कि ..

“जिस तरीक़े से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राज्यपाल के कार्यक्रमों के विवरण का राजनीतिकरण कर रहे है वह भाजपा की कुत्सित मंशा को उजागर करता है”

मीडिया को जारी बयान में साय ने कहा कि प्रदेश की सर्वोच्च संवैधानिक प्रमुख होने के नाते प्रदेश में कानून-व्यवस्था के बिगड़ते हालात पर राज्यपाल की चिंता को संजीदगी से लेने के बजाय गृह मंत्री ने राजनीतिक अशिष्टता का परिचय दिया है। गृह मंत्री ने क्वारेंटाइन होने की बात कहकर राज्यपाल द्वारा आहूत बैठक में जाने से मना कर दिया, जिसके कारण यह अति महत्वपूर्ण बैठक राज्यपाल को स्थगित करनी पड़ी। लेकिन, वहीं गृह मंत्री उसी दिन मुख्यमंत्री बघेल द्वारा आहूत समीक्षा बैठक में क्वारेंटाइन होने के बावजूद शरीक हो जाते हैं।

साय ने बुधवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा गृह विभाग के कार्यों की गई समीक्षा के मद्देनजर कहा है कि प्रदेश में लगातार बढ़ रहे अपराधों पर अंकुश लगाने और नाबालिग बच्चियों, युवतियों व महिलाओं तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए और ज्यादा प्रभावी व सख्त कदम उठाए जाने जरूरी हैं। साय ने कहा कि सिर्फ समीक्षा करने और निर्देश देकर सरकार अपने दायित्व की इतिश्री न माने, बल्कि सरकार के निर्देशों का यथोचित रीति से पालन हो, यह भी देखा जाना चाहिए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अब प्रदेश सरकार को अपने पुलिस तंत्र को ज्यादा जवाबदेह बनाकर दुरुस्त करना होगा। प्रदेश का कोई हिस्सा आज ऐसा नहीं रह गया है, जो अपराधों से अछूता रह गया हो।

Next Story